Four cybercriminals arrested in Deoghar; they used to commit fraud by posing as customer care representatives.

देवघर में चार साइबर अपराधी गिरफ्तार, फर्जी कस्टमर केयर बनकर करते थे ठगी

गोविंद पाठक | देवघर

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

देवघर में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। साइबर थाना की टीम ने करौं थाना क्षेत्र के अंबा-टीला जंगल में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 9 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 12 सितंबर को पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि अंबा-टीला जंगल में कुछ लोग फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों से साइबर ठगी कर रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कन्हैया कुमार दास (18), समीर कुमार दास (19), रूपलाल कुमार पोद्दार (29) और मो. सलीम अंसारी (26) के रूप में हुई है। कन्हैया और समीर मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के केंदुआटांड़, रूपलाल करौं थाना क्षेत्र के जागाडीह और मो. सलीम मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के दुधानी के रहने वाले हैं।

फर्जी कस्टमर केयर बनकर बनाते थे निशाना

पुलिस के मुताबिक आरोपी गूगल पे, फोनपे और एयरटेल पेमेंट बैंक के फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से संपर्क करते थे। कैशबैक या ग्राहक सेवा उपलब्ध कराने का झांसा देकर वे लोगों को ठगी के जाल में फंसाते थे।

आरोपी पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भी भेजते थे। पुलिस के अनुसार ऐसी फाइल के जरिये मोबाइल का एक्सेस हासिल करने के बाद साइबर ठगी की जाती थी।

इसके अलावा एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड बंद होने की बात कहकर एयरटेल थैंक्स एप के माध्यम से कार्ड दोबारा चालू कराने का झांसा देकर भी लोगों से ठगी की जाती थी।

पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात कही है।

RKDF
advertisement

एक आरोपी का पहले भी रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार रूपलाल कुमार पोद्दार का पूर्व में भी साइबर थाना देवघर के कांड संख्या 152/2017 में आपराधिक इतिहास रहा है।

छापेमारी टीम में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक नागेंद्र कुमार सिन्हा, करौं थाना के पुलिस अवर निरीक्षक सह थाना प्रभारी दीपक कुमार भारती तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

 

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now