पंचायत सचिव के घर लाखों के जेवरात और नकदी की चोरी, परिवार के साथ मेला घूमने गया था पीड़ित

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थाना क्षेत्र में चोरों ने पंचायत सचिव के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना रांगाटांड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। चोरी की वारदात थाना से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर होने के कारण इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार पंचायत सचिव गणेश महतो मंगलवार को परिवार के साथ कदमा मेला घूमने गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर को सुनसान पाकर मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए। बुधवार सुबह जब गणेश महतो परिवार के साथ घर लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर जाने पर अलग-अलग कमरों और पांच अलमारियों के ताले भी टूटे हुए पाए गए।

अलमारियों की जांच करने पर उनमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 10 हजार रुपये नकद गायब मिले। चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों के मुताबिक चोर मकान के पिछले दरवाजे से फरार हुए। बताया गया कि चोरों ने घर में रखे अन्य सामानों को नहीं छुआ और केवल नकदी व कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पटमदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर चोरी से जुड़ी जानकारी जुटाई। पंचायत सचिव गणेश महतो ने गुरुवार को अज्ञात चोरों के खिलाफ पटमदा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कहीं किसी परिचित व्यक्ति को परिवार के घर से बाहर होने की जानकारी तो नहीं थी। बताया गया कि गणेश महतो मंगलवार को परिवार के साथ कदमा स्थित रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर निकले थे। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ संभावित सुरागों की तलाश में जुटी है। चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

सुदिव्य कुमार के द्वादशकर्म में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
गिरिडीह: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गिरिडीह विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार के द्वादशकर्म कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि…

सर्पदंश से 12 वर्षीय किशोर की मौत, सामरोम पॉल टोपनो ने जताया शोक
सिमडेगा: बांसजोर प्रखंड के तरगा पंचायत अंतर्गत कुलामारा गांव में सर्पदंश से 12 वर्षीय किशोर रन्थू प्रधान की मौत हो गई। वह…
















