मगध-अम्रपाली कोल परियोजनाओं में CISF की औपचारिक तैनाती शुरू, चरणबद्ध तरीके से 1,676 जवान होंगे तैनात

चतरा: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के मगध और अम्रपाली कोयला क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की औपचारिक तैनाती शुरू हो गई है। दोनों परियोजनाओं में चरणबद्ध तरीके से कुल 1,676 CISF जवानों की तैनाती की जाएगी।

CISF के इंडक्शन समारोह का आयोजन ईस्टर्न सेक्टर मुख्यालय में किया गया। समारोह में CISF के महानिदेशक प्रवीर रंजन, IPS और विशेष महानिदेशक विनिता ठाकुर, IPS सहित CCL के CMD और CISF के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मगध-अम्रपाली परियोजनाओं में CISF की तैनाती चरणबद्ध तरीके से की जा रही है। पहले चरण का इंडक्शन पूरा हो चुका है, जबकि शेष स्वीकृत बल की तैनाती आगामी दिनों में निर्धारित चरणों के अनुसार की जाएगी। वर्तमान में CISF इकाई का प्रभार सहायक कमांडेंट सुभाष कुमार के पास है और इकाई DIG सुमंत सिंह के मार्गदर्शन में कार्य कर रही है।

मगध-अम्रपाली का कोयला क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यह क्षेत्र पूर्व में वामपंथी उग्रवाद से जुड़ी चुनौतियों से भी प्रभावित रहा है। ऐसे में CISF की तैनाती से कोयला परियोजनाओं, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और परिचालन क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।

बताया गया कि MMRDA Act के तहत CISF को कोयला खनन क्षेत्रों की सुरक्षा से संबंधित विशेष शक्तियां प्राप्त हैं। इसके तहत गृह मंत्रालय की Zero Coal Leakage नीति के अनुरूप कोयला चोरी और अवैध निकासी पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

CISF की पूर्ण तैनाती के बाद दोनों परियोजनाओं में सुरक्षा का व्यापक तंत्र विकसित होगा। इससे कोयला उत्पादन और डिस्पैच से जुड़ी गतिविधियों की सुरक्षा के साथ-साथ कोयले के अवैध उठाव और लीकेज पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

बिना हेलमेट और इंश्योरेंस बाइक चलाने वालों पर हो सख्ती : पीडीजे
सिमडेगा: सड़क सुरक्षा, दहेज प्रथा और लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को सिविल कोर्ट…
हाथियों के उत्पात से परेशान ग्रामीणों ने की बैठक, समाधान पर हुआ मंथन
ठेठईटांगर: प्रखंड के जोराम पंचायत अंतर्गत रायबहार जामडांड़ में शनिवार को हाथियों के लगातार बढ़ते उत्पात को लेकर आसपास के तीन-चार गांवों…
















