लोहरदगा में 18.35 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार, भेजे गए जेल

लोहरदगा: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोहरदगा पुलिस ने रविवार रात कार्रवाई करते हुए 18.35 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवक मैना बगीचा चटपटी चौक के समीप एक बंद पड़ी दुकान के पास संदिग्ध स्थिति में मिले थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर की रात करीब 8.30 बजे सूचना मिली थी कि मैना बगीचा चटपटी चौक के पास दो युवक ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। अंचलाधिकारी, सदर अंचल लोहरदगा की मौजूदगी में टीम ने सूचना का सत्यापन किया और मौके पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान बंद पड़ी दुकान के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान आर्यन भगत उर्फ आर्यनदेव भगत (22), निवासी नदिया, शनि मंदिर के पीछे, लोहरदगा और उतम उरांव (22), निवासी घाघरा बस्ती, थाना घाघरा, जिला गुमला, वर्तमान पता नदिया इंडिया गेट के पास ससुराल, लोहरदगा के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान आर्यन भगत के पास से पॉलीथीन समेत 10.24 ग्राम तथा उतम उरांव के पास से पॉलीथीन समेत 8.11 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में लोहरदगा थाना कांड संख्या 131/26, दिनांक 20 सितंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी), 22(बी) और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक रत्नेश मोहन ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक आदर्श कुमार, अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक प्रदीप कच्छप, आरक्षी पियूष टोप्पो, आरक्षी नरेश महली सहित तकनीकी शाखा की टीम और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

जमुई में नाबालिग छात्रा को युवकों ने घेरा, बदसलूकी का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
जमुई। बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से कथित बदसलूकी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।…

उत्कल एक्सप्रेस से 8.1 किलो गांजा बरामद, चक्रधरपुर में RPF की कार्रवाई
चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय स्थित चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर RPF ने कार्रवाई करते हुए उत्कल एक्सप्रेस से…

















