campaign-against-betting-drugs-jamshedpur-monitoring

सट्टेबाजी और ड्रग्स के खिलाफ जमशेदपुर में अभियान, हर थाना क्षेत्र में बनेगी निगरानी समिति

Share
Link copied

जमशेदपुर। जमशेदपुर में सट्टेबाजी, जुआ और ड्रग्स के बढ़ते प्रभाव के खिलाफ जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने व्यापक अभियान शुरू करने की घोषणा की है। अभियान के तहत शहर के प्रत्येक थाना क्षेत्र में निगरानी समिति गठित की जाएगी। ये समितियां अपने क्षेत्र में सट्टेबाजी, जुआ और नशीले पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखेंगी और पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय कर सूचना साझा करेंगी।

सोमवार रात बारीडीह स्थित अपने कार्यालय में ‘सट्टेबाजी एवं ड्रग्स के दुष्प्रभाव’ विषय पर आयोजित विशेष गोष्ठी में सरयू राय ने अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी। इसी दौरान ‘सट्टेबाजी एवं ड्रग्स के दुष्प्रभाव क्रांति दल’ के गठन की घोषणा की गई। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी मनोज सिंह को अभियान का संयोजक बनाया गया है।

Advertisem
Advertisment

पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई जरूरी: सरयू राय

सरयू राय ने कहा कि सट्टेबाजी और ड्रग्स का कारोबार केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं है, बल्कि इसका सीधा प्रभाव समाज और खासकर युवाओं पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ कार्रवाई करें तो शहर में ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि पहले हब्बा-डब्बा और सट्टेबाजी जैसी गतिविधियां छिपकर संचालित होने की बात सामने आती थी, लेकिन अब कई स्थानों पर इनके खुले तौर पर संचालित होने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इन गतिविधियों में दबंग और प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता की शिकायतें भी सामने आती हैं।

सरयू राय ने कहा, “भूत भगाने के लिए सरसों छींटा जाता है, पर जब सरसों में ही भूत घुस जाए तो स्थिति बड़ी विचित्र हो जाती है।”

Advertisment
Advertisment

स्कूल-कॉलेजों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम

अभियान के संयोजक मनोज सिंह ने बताया कि इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे जमशेदपुर में चलाया जाएगा। स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में सेमिनार आयोजित कर विद्यार्थियों और युवाओं को सट्टेबाजी, जुआ और ड्रग्स के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जाएगा।

इसके अलावा नगर और मोहल्ला स्तर पर स्थानीय युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों को जोड़कर संयोजन समितियां गठित की जाएंगी। ये समितियां अपने क्षेत्र में ऐसी गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटाने और उसे पुलिस-प्रशासन तक पहुंचाने में सहयोग करेंगी।

Advertisment
Advertisment

जारी होगा एमएलए हेल्पलाइन नंबर

मनोज सिंह ने बताया कि अभियान के तहत एमएलए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा। इस नंबर पर मिलने वाली शिकायतों में शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने की व्यवस्था की जाएगी। स्थानीय समितियां पुलिस और प्रशासन के संपर्क में रहकर आवश्यक सहयोग लेंगी।

Advertisment
Advertisment

2 अक्टूबर को होगा ‘विचार क्रांति महोत्सव’

सरयू राय ने बताया कि महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को ‘विचार क्रांति महोत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें सट्टेबाजी और ड्रग्स की समस्या के कारणों तथा इसके निवारण के उपायों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्ध और जागरूक नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा।

गोष्ठी में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सट्टेबाजी, जुआ और ड्रग्स के कारण समाज पर पड़ रहे प्रभाव तथा स्थानीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं को साझा किया। कार्यक्रम में मनोज सिंह, अनिल तिवारी, सतीश सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, भीम सिंह, संजीव कुमार धानु, केपी सिंह, शेषनाथ पाठक, अनंत ठाकुर, दीपू ओझा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।