दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर भाजपा ने किया नमन, बूथ स्तर तक होंगे कार्यक्रम
रांची। एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को रांची में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
रांची के पंडित दीनदयाल नगर स्थित उनकी प्रतिमा पर आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, रांची विधायक सीपी सिंह, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम में भाजपा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, रांची की महापौर रोशनी खलखो और उप-महापौर नीरज कुमार सहित प्रदेश एवं जिला संगठन के पदाधिकारियों के भी शामिल हुए
बूथ स्तर तक पहुंचेगा जयंती कार्यक्रम
भाजपा ने जयंती कार्यक्रम को केवल प्रतिमा पर पुष्पांजलि तक सीमित नहीं रखा है। पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं से अपने-अपने मतदान केंद्र यानी बूथों पर पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने का आह्वान किया गया है। कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया और पार्टी के SARAL प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने को भी कहा गया है। इस तरह जयंती कार्यक्रम को संगठन के बूथ स्तर तक ले जाने की योजना है।

भाजपा की विचारधारा में दीनदयाल उपाध्याय का स्थान
पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर 1916 को हुआ था। वे भारतीय जनसंघ के प्रमुख नेताओं में रहे और एकात्म मानववाद के विचार के प्रमुख प्रतिपादक माने जाते हैं। भाजपा उन्हें अपनी वैचारिक परंपरा के प्रमुख प्रेरणास्रोतों में शामिल करती है। उनके विचारों में अंत्योदय यानी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण का लाभ पहुंचाने की अवधारणा प्रमुख रही।

झारखंड BJP में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: पवन साय बने नए संगठन महामंत्री, कर्मवीर सिंह की छत्तीसगढ़ में तैनाती
रांची। भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए पवन कुमार साय को प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी सौंपी…

रांची में बारिश का असर: एजी मोड़ पर स्कूल बस पर गिरा पेड़, कोकर में भी सड़क हुई जाम
रांची: राजधानी रांची में लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार को पेड़ गिरने की दो घटनाएं सामने आईं। एजी मोड़ के…


















