NCB अधिकारी बनकर बस में 31.90 लाख की लूट मामला ,पांच लुटेरे गिरफ्तार
चतरा-गया मुख्य मार्ग पर स्टार फिश बस को बनाया था निशाना, CCTV फुटेज से खुला राज
चतरा। चतरा-गया मुख्य मार्ग पर यात्री बस को रोककर खुद को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) का अधिकारी बताकर 31.90 लाख रुपये लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वशिष्ठनगर थाना क्षेत्र में 7 सितंबर को हुई इस वारदात में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लूटी गई रकम में से 70 हजार रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल काली थार बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर मामले के उद्भेदन के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। इसके बाद झारखंड और बिहार के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

NCB अधिकारी बनकर बस को रास्ते में रोका
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने खुद को NCB का अधिकारी और कर्मचारी बताकर स्टार फिश बस को जोरी टोल प्लाजा से पहले रोक लिया था। इसके बाद बस में सवार लोगों पर प्रभाव जमाते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। बस में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज आरोपियों की पहचान और उन तक पहुंचने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।

पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान रंगु कुमार, अभिषेक कुमार, प्रिंस कुमार यादव, अविनाश कुमार और बजरंगी कुमार उर्फ रंगा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ गया जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी हजारीबाग जिले का निवासी है।

70 हजार रुपये और काली थार बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 70 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई काली थार भी जब्त की गई है। पुलिस अब लूट की शेष रकम की बरामदगी और इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।
कई थानों की टीम ने की कार्रवाई
छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई में जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह, प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी, इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक सिंह, हंटरगंज थाना के एसआई शिवा यादव, तकनीकी सेल की टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फर्जी NCB अधिकारी बनकर लूट की इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

झारखंड BJP में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: पवन साय बने नए संगठन महामंत्री, कर्मवीर सिंह की छत्तीसगढ़ में तैनाती
रांची। भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए पवन कुमार साय को प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी सौंपी…

रांची में बारिश का असर: एजी मोड़ पर स्कूल बस पर गिरा पेड़, कोकर में भी सड़क हुई जाम
रांची: राजधानी रांची में लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार को पेड़ गिरने की दो घटनाएं सामने आईं। एजी मोड़ के…
















