नारकोटिक्स अधिकारी बनकर 31.90 लाख की लूट, चतरा पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा

चतरा: वशिष्ठनगर थाना क्षेत्र में खुद को नारकोटिक्स विभाग का अधिकारी बताकर 31.90 लाख रुपये की लूट करने के मामले का चतरा पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल काले रंग की थार और 70 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र के बरवाडीह गांव निवासी ललन कुमार ने वशिष्ठनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि अज्ञात लोगों ने खुद को नारकोटिक्स विभाग का स्टाफ बताकर उनके साथ धोखाधड़ी की और 31 लाख 90 हजार रुपये लूट लिए। शिकायत के आधार पर वशिष्ठनगर थाना कांड संख्या 131/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 319(2) और 310(2) के तहत जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कटैया जंगल से रंगु कुमार और अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर जोरी थाना क्षेत्र के कंगुरूवा जंगल से प्रिंस कुमार यादव, अविनाश कुमार और बजरंगी कुमार उर्फ रंगा को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट में इस्तेमाल काले रंग की थार (जेएच 02बीके 0166) बरामद की है। इसके अलावा रंगु कुमार के पास से 30 हजार, अभिषेक कुमार से 20 हजार और प्रिंस कुमार यादव से 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में रंगु कुमार और अभिषेक कुमार गया जिले के धनगाई थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। प्रिंस कुमार यादव गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र का निवासी है, जबकि अविनाश कुमार और बजरंगी कुमार उर्फ रंगा हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों और लूटी गई शेष रकम की बरामदगी के लिए जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

रांची समेत झारखंड में आज भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट
रांची: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार शुक्रवार 25 सितंबर को झारखंड में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे। राज्य के अधिकांश स्थानों…

देवघर में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा, लापरवाही पर संवेदकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
देवघर: पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबु इमरान ने गुरुवार को देवघर समाहरणालय में संताल परगना प्रमंडल के सभी छह जिलों…
















