मैगी पॉइंट पर हिंसक झड़प में युवक की मौत, दारोगा के बेटे की पीट-पीटकर हत्या

गिरिडीह: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी स्थित मैगी पॉइंट के पास गुरुवार देर रात युवकों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में 24 वर्षीय ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव की मौत हो गई। आरोप है कि 8 से 10 युवकों ने ऋतिक और उसके साथियों पर हमला किया। मारपीट के दौरान बांस की फराठी से ऋतिक पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ऋतिक यादव गुरुवार रात करीब 10:30 बजे अपने साथी शुभम दास और राजा गुप्ता के साथ कार से बंदरकुप्पी मैगी पॉइंट पहुंचा था। इसी दौरान पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव कथित तौर पर अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा। कुछ देर बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद सतीश यादव और उसके साथियों ने ऋतिक व उसके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शी शुभम दास के मुताबिक, पहले मुक्के और लात से मारपीट की गई। इसके बाद ऋतिक पर बांस की फराठी से लगातार हमला किया गया। गंभीर चोट लगने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा। उसे बचाने पहुंचे उसके दोनों साथियों के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों और साथियों ने घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने ऋतिक को मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ऋतिक यादव मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर बभनटोली का रहने वाला था। उसके पिता झारखंड पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में हजारीबाग जेल में पदस्थापित बताए जा रहे हैं। ऋतिक के जेएमएम छात्र मोर्चा से जुड़े होने की भी जानकारी सामने आई है। घटना की जानकारी मिलने पर जेएमएम नगर अध्यक्ष रॉकी सिंह समेत कई समर्थक सदर अस्पताल पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन और नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ घटनास्थल और सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। विवाद अचानक हुआ था या इसके पीछे पहले से कोई पुराना विवाद था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। मुख्य आरोपी बताए जा रहे सतीश यादव समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

नारकोटिक्स अधिकारी बनकर 31.90 लाख की लूट, चतरा पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा
चतरा: वशिष्ठनगर थाना क्षेत्र में खुद को नारकोटिक्स विभाग का अधिकारी बताकर 31.90 लाख रुपये की लूट करने के मामले का चतरा…

रांची समेत झारखंड में आज भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट
रांची: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार शुक्रवार 25 सितंबर को झारखंड में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे। राज्य के अधिकांश स्थानों…
















