पानीमाको जंगल से अपहरण मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, फिरौती के 4,500 रुपये बरामद

हजारीबाग/टाटीझरिया: हजारीबाग जिले के टाटीझरिया थाना क्षेत्र के पानीमाको जंगल में हथियार के बल पर दो लोगों के अपहरण और फिरौती वसूली के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर फिरौती की रकम में से 4,500 रुपये और घटना के दौरान पहना गया चितकबरा टी-शर्ट बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को पंचम महतो ने टाटीझरिया थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 सितंबर की शाम वह मजदूर लाने के लिए पहाड़पुर जा रहे थे। इसी दौरान पानीमाको जंगल के पास अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर उनका और उनके साथ काम करने वाले फीटर रामलाल हासंदा का अपहरण कर लिया। दोनों को छोड़ने के एवज में अपराधियों ने फिरौती की मांग की। आरोपियों ने 10 सितंबर की सुबह परिजनों से दो लाख रुपये लेने के बाद दोनों को मुक्त कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विष्णुगढ़ एसडीपीओ फौजान अहमद के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छोटु किस्कु उर्फ घोरला और रामलाल हासंदा को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, छोटु किस्कु उर्फ घोरला की निशानदेही पर घटना के समय पहना गया चितकबरा टी-शर्ट और फिरौती की रकम में से 2,500 रुपये बरामद किए गए। वहीं, दूसरे आरोपी रामलाल हासंदा की निशानदेही पर 2,000 रुपये बरामद हुए। इस तरह पुलिस ने कुल 4,500 रुपये बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में छोटु किस्कु उर्फ घोरला (30 वर्ष), पिता लोथरो किस्कु, ग्राम बड़कीटांड, थाना पचम्बा, जिला गिरिडीह और रामलाल हासंदा (लगभग 28 वर्ष), पिता महादेव हासंदा, ग्राम अलखरी कला, थाना विष्णुगढ़, जिला हजारीबाग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार छोटु किस्कु के खिलाफ पचम्बा थाना में वर्ष 2024 में धारा 414/34 भादवि के तहत मामला दर्ज है।

छापेमारी टीम में विष्णुगढ़ एसडीपीओ फौजान अहमद, थाना प्रभारी सुभाष सिंह, टाटीझरिया थाना प्रभारी इन्द्रजीत कुमार, चुरचु थाना प्रभारी कुमार अश्विनी, दारू थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह समेत विष्णुगढ़ थाना के पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा के अधिकारी-कर्मी और टाटीझरिया थाना का सशस्त्र बल शामिल था।

एनक्यूएएस प्रमाणन में झारखंड की बड़ी छलांग, 2% से बढ़कर 55.65% हुआ प्रमाणन
रांची: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) झारखंड के गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के क्षेत्र…

करमा मेला से लौट रही युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दो गिरफ्तार और दो नाबालिग निरुद्ध
रांची: रातू थाना क्षेत्र में करमा पूजा मेला देखकर लौट रही युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो युवकों…
















