240-loco-pilots-learn-safe-way

240 लोको पायलटों ने सीखा आग पर काबू पाने का सुरक्षित तरीका

Share
Link copied
240-loco-pilots-learn-safe-way
240-loco-pilots-learn-safe-way

जमशेदपुर: टाटानगर रेल सिविल डिफेंस की ओर से गुरुवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के इलेक्ट्रिक लोको पायलट ट्रेनिंग सेंटर में अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें चक्रधरपुर, आद्रा, रांची और खड़गपुर मंडल के करीब 240 लोको पायलटों ने हिस्सा लिया।

Advertisment
Advertisment

प्रशिक्षण के दौरान लोको पायलटों को आग लगने की आपात स्थिति में त्वरित निर्णय लेने, सही अग्निशमन यंत्र का चयन करने और उसका सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में नव नियुक्त ट्रेनी लोको पायलट, प्रमोशनल लोको पायलट, रिफ्रेशर लोको पायलट और सहायक लोको पायलट शामिल हुए।

Advertisment
Advertisment

सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने आग लगने की वैज्ञानिक प्रक्रिया, आग के विभिन्न वर्गों और अलग-अलग प्रकार की आग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले अग्निशमन उपकरणों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ठोस पदार्थ, ज्वलनशील द्रव, गैस, विद्युत उपकरण और धातु से लगी आग के लिए अलग-अलग अग्निशामक यंत्रों का इस्तेमाल किया जाता है।

Advertisment
Advertisment

प्रशिक्षण में विशेष रूप से बताया गया कि विद्युत उपकरण, तेल या धातु में लगी आग पर पानी का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। गलत अग्निशमन माध्यम के प्रयोग से आग फैलने के साथ जान-माल का खतरा बढ़ सकता है। लोको और इंजन की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए WAG-9 विद्युत इंजन में उपलब्ध कार्बन डाइऑक्साइड आधारित अग्निशमन प्रणाली की कार्यप्रणाली भी समझाई गई।

RKDF
advertisement

डेमोंस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह ने फायर एक्सटिंग्विशर के संचालन का व्यावहारिक प्रदर्शन और मॉक ड्रिल कराया। लोको पायलटों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने, अग्निशामक यंत्र को सही तरीके से पकड़ने और आग के स्रोत को लक्ष्य बनाकर इस्तेमाल करने का अभ्यास कराया गया। इसके अलावा कपड़ों में आग लगने की स्थिति में ‘स्टॉप-ड्रॉप-रोल’ तकनीक और झुलसे व्यक्ति के शरीर पर जलने की गंभीरता का आकलन करने के लिए ‘रूल ऑफ नाइन्स’ की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य लोको पायलटों को आपात स्थिति में सुरक्षित और प्रभावी ढंग से आग पर नियंत्रण पाने के लिए व्यावहारिक रूप से तैयार करना था।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।