एशियन गेम्स 2026: पाकिस्तान को हराकर भारत ने जीता गोल्ड, पुरुष क्रिकेट में लगातार दूसरी बार बना चैंपियन
एशियन गेम्स 2026 : फाइनल में 19 रन से दर्ज की जीत, अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने बल्ले से मचाया धमाल; महिला टीम के बाद पुरुष टीम ने भी दिलाया स्वर्ण पदक
जापान। एशियाई खेल 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। जापान के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए पुरुष टी20 क्रिकेट के फाइनल में भारत ने पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर गोल्ड मेडल जीता। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में उतरी भारतीय टीम ने इस जीत के साथ हांगझोउ 2023 में जीते गए स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव किया।

अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी, भारत ने बनाया 211 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन जल्दी आउट हो गए। हालांकि, इसके बाद अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उन्होंने महज 28 गेंदों में 61 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
मध्यक्रम में ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने उपयोगी योगदान दिया। वहीं, पारी के अंतिम ओवरों में तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने तेजी से रन बटोरे। तिलक वर्मा ने 22 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे। शिवम दुबे ने भी 15 गेंदों में 27 रन की तेज पारी खेली। इन शानदार पारियों की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 211 रन बनाए।

हसन नवाज की शतकीय रफ्तार, फिर भी लक्ष्य से दूर रह गया पाकिस्तान
212 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने मुकाबले में बने रहने की पूरी कोशिश की। हसन नवाज ने भारतीय गेंदबाजों के सामने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 96 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। हालांकि, दूसरे छोर से पाकिस्तान को अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर रन गति पर अंकुश बनाए रखा। आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 33 रनों की जरूरत थी। शिवम दुबे ने दबाव के बीच गेंदबाजी करते हुए हसन नवाज को संजू सैमसन के हाथों कैच आउट कराया। इसके साथ ही पाकिस्तान की जीत की उम्मीदें खत्म हो गईं। पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी और भारत ने 19 रनों से मुकाबला जीत लिया।

सेमीफाइनल में श्रीलंका को दी थी करारी शिकस्त
फाइनल से पहले भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। भारत ने यह मुकाबला 124 रनों से जीता था। उस मैच में ईशान किशन ने नाबाद 80 रनों की शानदार पारी खेली थी। वहीं, भारतीय गेंदबाजों ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को बड़े अंतर से हराने में अहम भूमिका निभाई थी।

महिला टीम के बाद पुरुष टीम ने भी जीता गोल्ड
एशियाई खेल 2026 में भारतीय क्रिकेट के लिए यह दोहरी सफलता का मौका है। इससे पहले 22 सितंबर को भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 147 रनों से हराकर स्वर्ण पदक जीता था। अब पुरुष टीम ने भी पाकिस्तान को हराकर गोल्ड अपने नाम कर लिया है। इस तरह भारतीय महिला और पुरुष क्रिकेट टीमों ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर क्रिकेट में भारत की सफलता को नई ऊंचाई दी है। युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन और फाइनल में टीम के सामूहिक प्रयास ने इस जीत को खास बना दिया।

एशियाड 2026: भारत-पाकिस्तान फाइनल में फिर उठेगा ‘नो हैंडशेक’ का सवाल? मैदान पर होगी क्रिकेट की जंग
एशियाई खेल 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का फाइनल मुकाबला सिर्फ स्वर्ण पदक की जंग तक सीमित नहीं रहने…

Asian Games 2026:झारखंड की बेटी सलीमा टेटे की कप्तानी में भारत ने रचा इतिहास, 44 साल बाद महिला हॉकी में जीता गोल्ड
चीन को फाइनल में 1-0 से हराकर भारतीय टीम बनी एशियाई चैंपियन, सलीमा टेटे के नेतृत्व में झारखंड की बेटियों ने बढ़ाया…

















