protest-against-closure-jallianwala-bagh-express

जमशेदपुर : कोहरे के नाम पर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस बंद करने का विरोध, एजीएम से मिले सतबीर सिंह सूमो

Share
Link copied

जमशेदपुर। टाटा-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के इस वर्ष भी रद्द किए जाने की तैयारी का विरोध शुरू हो गया है। सोमवार को टाटानगर स्टेशन पर दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक (एजीएम) मनीष कुमार जैन से मुलाकात कर सतबीर सिंह सूमो ने ट्रेन का परिचालन बंद नहीं करने की मांग उठाई।
सतबीर सिंह सूमो ने एजीएम को बताया कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस झारखंड के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के यात्रियों के लिए लंबी दूरी की महत्वपूर्ण रेल सेवा है। ट्रेन के रद्द होने से इन राज्यों के हजारों यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि ट्रेन के बंद रहने की स्थिति में यात्रियों को दूसरी ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ेगा। लंबी दूरी के यात्रियों के लिए पर्याप्त वैकल्पिक रेल सुविधा नहीं होने से यात्रा में परेशानी के साथ अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ सकता है।

RKDF
advertisement

चार वर्षों से कोहरे के नाम पर रद्द हो रही ट्रेन

सूमो ने रेलवे अधिकारियों के समक्ष कहा कि कोहरे की संभावना को देखते हुए पिछले चार वर्षों से जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन रद्द किया जा रहा है। इस वर्ष भी ट्रेन को रद्द किए जाने की तैयारी से यात्रियों में नाराजगी है।
उन्होंने रेलवे से मांग की कि कोहरे के दौरान परिचालन को पूरी तरह बंद करने के बजाय सुरक्षा मानकों के अनुरूप समय में बदलाव या अन्य परिचालन व्यवस्था अपनाकर ट्रेन चलाने का विकल्प तलाशा जाए।

Advertisment
Advertisment

स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस का दिया उदाहरण

सतबीर सिंह सूमो ने कहा कि रांची के जनप्रतिनिधियों के विरोध के बाद हटिया-आनंद विहार स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस को इस वर्ष रद्द नहीं किया गया है। ऐसे में जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के मामले में भी यात्रियों के हित को ध्यान में रखते हुए राहत दी जानी चाहिए।
उन्होंने रेलवे से समान नीति अपनाते हुए जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन जारी रखने की मांग की। उनका कहना है कि कोहरे की स्थिति में ट्रेन को पूरी तरह रद्द करने के बजाय यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा दोनों को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक समाधान निकाला जाना चाहिए।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।