पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत; तीन घायल

सुलतानपुर: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन पेशेवर टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में सुखबड़ेरी के पास माइलस्टोन 97.5 पर हुआ, जहां तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद कार का दरवाजा तोड़कर सभी लोगों को बाहर निकाला।

बताया गया कि कार में सवार लोग लखनऊ में आयोजित टेनिस प्रतियोगिता में शामिल होने के बाद देवरिया स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। मृतकों की पहचान नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है। तीनों पेशेवर टेनिस खिलाड़ी थे।

हादसे में घायल जयंतो शर्मा ने बताया कि यात्रा के दौरान कार में सवार लोग सो रहे थे। इसी बीच अचानक कार अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। जोरदार टक्कर के बाद कार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर घायलों को एंबुलेंस से अयोध्या मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने नित्या, इरफान और अनिकेत को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल तीन अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही बल्दीराय एसडीएम प्रभात सिंह के अलावा पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और ट्रक से टक्कर बताई जा रही है, हालांकि पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि एक्सप्रेसवे पर ट्रक किस परिस्थिति में खड़ा था और हादसे के वक्त अर्टिगा की गति कितनी थी। दुर्घटना के बाद राहत-बचाव कार्य के चलते एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया। तीन युवा खिलाड़ियों की मौत की खबर से उनके परिवारों के साथ खेल जगत में भी शोक का माहौल है।

मरीन ड्राइव में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, बिंदल मॉल रेस्टोरेंट फायरिंग केस में दो आरोपी गिरफ्तार
जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों…
रांची समेत पूरे झारखंड में आज बादल छाए रहेंगे, हल्की-मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना
रांची: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम केंद्र रांची के अनुसार आज यानी बुधवार को राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में…
















