चाईबासा: तीन आपराधिक घटनाओं के उद्भेदन का पुलिस का दावा, गोपाल कोड़ा गिरफ्तार

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया, नोवामुंडी और तांतनगर में हुई तीन आपराधिक घटनाओं के मामले में पुलिस ने गोपाल कोड़ा (29) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के पाताहातु गांव का रहने वाला है। उसके पास से लोहे का चापड़, बिना नंबर की पल्सर एनएस 160 बाइक, 3600 रुपये और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं। शनिवार को जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफाएल मुर्मू ने प्रेस वार्ता कर गिरफ्तारी की जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीनों मामलों की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापामारी दल गठित किया गया था। इसमें किरीबुरू और जगन्नाथपुर अनुमंडल क्षेत्र के पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।

जेटेया थाना क्षेत्र में 5 अक्टूबर की शाम मोबाइल छिनतई के दौरान गोली चलाने की घटना हुई थी। पुलिस के अनुसार, कातिकोड़ा निवासी विभीषण तिरिया (24) कोटगढ़ चौक से लौट रहे थे। रास्ते में एक लड़की को रोता देख उन्होंने उससे कारण पूछा। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे और उनका मोबाइल छीन लिया। विरोध करने पर एक युवक ने कट्टे से गोली चला दी, जो विभीषण के दाहिने कान के पास से गुजर गई। इस मामले में जेटेया थाना में कांड संख्या 12/26 दर्ज किया गया है।

नोवामुंडी में 6 अक्टूबर की शाम मनसा मंदिर के पास स्थित एक मुर्गी फार्म में चोरी की कोशिश का मामला सामने आया था। फार्म के संचालक रुपेश ठाकुर के अनुसार, दो लोग फार्म में घुसे थे। गार्ड परकेस नायक ने मोबाइल से इसकी सूचना दी। आरोप है कि हथियार दिखाकर गार्ड को चुप रहने की धमकी दी गई। दराज में रुपये नहीं मिलने पर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस मामले में नोवामुंडी थाना कांड संख्या 30/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

तांतनगर ओपी क्षेत्र के कोकचो में 6 अक्टूबर को पाव रोटी बेचने वाले इमादुदीन अंसारी से लूट की घटना हुई थी। पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के जलहरी गांव निवासी इमादुदीन के अनुसार, पल्सर बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक को धक्का दिया। इसके बाद दो युवक उतरे और कटारी दिखाकर उनसे छह हजार रुपये तथा खाने का सामान लूट लिया। पुलिस ने इस मामले में तांतनगर ओपी कांड संख्या 55/26 दर्ज किया था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार गोपाल कोड़ा के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें जगन्नाथपुर, हाटगम्हरिया, खरसावां और मुफ्फसिल थाना चाईबासा के मामले शामिल हैं। इन मामलों में मारपीट, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराएं दर्ज हैं।

छापामारी दल में पुलिस निरीक्षक वासुदेव मुंडा, जेटेया थाना प्रभारी रितेश कुमार सिंह, नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह, जेटेया थाना के पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार रजक, सहायक अवर निरीक्षक संतोष पिंगुवा, नोवामुंडी के सहायक अवर निरीक्षक तारकनाथ सिंह और जेटेया थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने बताया कि तीनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

बिरहोर टोला से मेरिट लिस्ट तक: शिक्षा के सहारे बेटियों ने रचा सफलता का इतिहास
टाटा स्टील फाउंडेशन के प्री-मैट्रिक कोचिंग कार्यक्रम से झारखंड और ओडिशा के 3,291 विद्यार्थियों को मिला लाभ, मुस्कान ने 75% और स्वाति…
नेमरा पहुंचकर पप्पू यादव, चंद्र प्रकाश चौधरी और भूपेश बघेल ने CM हेमंत सोरेन से की मुलाकात
रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता उनके पैतृक गांव…
















