राहुल दुबे गैंग के छह सदस्य गिरफ्तार, चार पिस्टल और कारतूस बरामद; पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक अपराधी घायल

रांची: रांची पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से चार पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, पांच मैगजीन, छह मोबाइल फोन, एक कार और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी कांके, हजारीबाग के ए.के. इंटरनेशनल होटल, उरीमारी और टंडवा में हुई फायरिंग की घटनाओं में शामिल रहे हैं।
रांची पुलिस को 30 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ अपराधी कार से रिंग रोड क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर नगर और ग्रामीण एसपी के निर्देशन में हटिया डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कांके रिंग रोड क्षेत्र में संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार चार अपराधियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो पिस्टल, गोलियां, मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद हुए।

पूछताछ में पुलिस को गिरफ्तार अपराधियों के राहुल दुबे गिरोह से जुड़े होने और विभिन्न स्थानों पर फायरिंग की घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी मिली। इसके बाद उनकी निशानदेही पर गिरोह के एक अन्य सदस्य की गिरफ्तारी के लिए सीठियो क्षेत्र में छापेमारी की गई। इस दौरान एक अपराधी ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की आत्मरक्षार्थ फायरिंग से सौरभ कुमार के पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए रिम्स भेजा गया। उसके पास से एक पिस्टल, गोली और मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर गिरोह को हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में जियाउल हबीब को भी गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार छह लोगों में आदित्य कुमार राम उर्फ कुंदन, मोहित पासवान, ऋषभ कुमार, गुड्डू मिश्रा, सौरभ कुमार और जियाउल हबीब शामिल हैं। सौरभ कुमार फिलहाल रिम्स में इलाजरत है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से कुल चार पिस्टल, 7.62 एमएम की आठ जिंदा गोलियां, पांच मैगजीन, छह मोबाइल फोन, एक कार और एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है।
इस मामले में धुर्वा थाना कांड संख्या 285/26 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। रांची पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध, अवैध हथियारों के इस्तेमाल और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

अब सिम चालू रखने के लिए हर महीने महंगा रिचार्ज जरूरी नहीं! TRAI का सख्त आदेश लागू, जानें Jio, Airtel और Vi के नए नियम
21 अक्टूबर से लागू हुए नए नियम, बिना इंटरनेट डेटा वाले सस्ते रिचार्ज का मिलेगा विकल्प; 30 दिन और कैलेंडर महीने की…

पत्रकार अभिषेक उपाध्याय को सुप्रीम कोर्ट से राहत, FIR रद्द कराने के लिए हाईकोर्ट जाने की स्वतंत्रता; गिरफ्तारी पर रोक बरकरार
नई दिल्ली। पत्रकार अभिषेक उपाध्याय के खिलाफ गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में दर्ज प्राथमिकी को निरस्त कराने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट…

















