जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना परिसर में किन्नर और युवक के परिजनों के बीच भिड़ंत, जमकर हंगामा; दोनों पक्षों के लोग घायल
जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना परिसर बुधवार देर रात रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब एक युवक के परिजनों और बबली नामक किन्नर के बीच चल रहा विवाद अचानक हिंसक हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। थाना परिसर में जमकर हंगामा और मारपीट हुई। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की सूचना है। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। मामले की शुरुआत शिव आश्रम निवासी देबू माझी और बबली के बीच पुराने परिचय को लेकर पारिवारिक विवाद से हुई। देबू की मां पुतुल माझी ने आरोप लगाया कि बबली की गतिविधियों से बस्ती के लोग परेशान हैं। उनका कहना है कि देबू शादीशुदा है और बबली के साथ उसके संपर्क को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा है। उन्होंने बबली पर बस्ती में आए दिन विवाद और मारपीट की स्थिति पैदा करने का आरोप भी लगाया।
बबली ने युवक और उसके साथियों पर लगाया हमला करने का आरोप
वहीं, बबली ने पुतुल माझी की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए देबू पर जबरदस्ती और अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया। बबली के मुताबिक, दीपावली की रात जुआ खेलने का विरोध करने पर देबू और उसके दोस्तों ने उसके भाई को धमकी दी थी। बबली का आरोप है कि बुधवार को उसका भाई एक दोस्त के साथ घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान देबू अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और रॉड तथा हेलमेट से हमला कर दिया। इस हमले में उसका भाई और उसका दोस्त घायल हो गए।
थाने में भी आमने-सामने आए दोनों पक्ष
घटना के बाद विवाद थाने तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के सामने आ गए। आरोप-प्रत्यारोप के बीच मारपीट और हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति नियंत्रित की।फिलहाल, मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और घायलों की स्थिति से संबंधित आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

विधायक के घर के नीचे तक पहुंची कोयला चोरी की सुरंग! अरूप चटर्जी का दावा- बाइक से घुसकर निकाल रहे कोयला, कभी भी धंस सकती है जमीन
धनबाद: झारखंड के धनबाद कोयलांचल में अवैध कोयला उत्खनन (Illegal Coal Mining) का मामला अब आवासीय इलाकों की सुरक्षा तक पहुंच गया…

रांची में घर में घुसकर युवक की गोली मारकर हत्या, आंख में लगी गोली; इलाके में सनसनी
रांची: राजधानी रांची में अपराधियों ने घर में घुसकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रातू रोड स्थित इंद्रपुरी…



















