jamshedpur-clash-between-transgenders-family-members

जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना परिसर में किन्नर और युवक के परिजनों के बीच भिड़ंत, जमकर हंगामा; दोनों पक्षों के लोग घायल

Share
Link copied

जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना परिसर बुधवार देर रात रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब एक युवक के परिजनों और बबली नामक किन्नर के बीच चल रहा विवाद अचानक हिंसक हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। थाना परिसर में जमकर हंगामा और मारपीट हुई। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की सूचना है। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। मामले की शुरुआत शिव आश्रम निवासी देबू माझी और बबली के बीच पुराने परिचय को लेकर पारिवारिक विवाद से हुई। देबू की मां पुतुल माझी ने आरोप लगाया कि बबली की गतिविधियों से बस्ती के लोग परेशान हैं। उनका कहना है कि देबू शादीशुदा है और बबली के साथ उसके संपर्क को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा है। उन्होंने बबली पर बस्ती में आए दिन विवाद और मारपीट की स्थिति पैदा करने का आरोप भी लगाया।

बबली ने युवक और उसके साथियों पर लगाया हमला करने का आरोप

वहीं, बबली ने पुतुल माझी की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए देबू पर जबरदस्ती और अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया। बबली के मुताबिक, दीपावली की रात जुआ खेलने का विरोध करने पर देबू और उसके दोस्तों ने उसके भाई को धमकी दी थी। बबली का आरोप है कि बुधवार को उसका भाई एक दोस्त के साथ घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान देबू अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और रॉड तथा हेलमेट से हमला कर दिया। इस हमले में उसका भाई और उसका दोस्त घायल हो गए।

थाने में भी आमने-सामने आए दोनों पक्ष

घटना के बाद विवाद थाने तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के सामने आ गए। आरोप-प्रत्यारोप के बीच मारपीट और हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति नियंत्रित की।फिलहाल, मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और घायलों की स्थिति से संबंधित आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।