बाबूलाल मरांडी की सुरक्षा को लेकर भाजपा ने हेमंत सरकार को घेरा, अजय साह बोले- कोई अनहोनी हुई तो सरकार होगी जिम्मेदार
13 साल पुराने बुलेटप्रूफ वाहन को लौटाने के बाद भी नहीं बदली व्यवस्था, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के सुरक्षा वाहनों की स्थिति पर भी उठाए सवाल
रांची। झारखंड में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने आरोप लगाया है कि बार-बार शिकायत और पत्राचार के बावजूद राज्य सरकार ने बाबूलाल मरांडी के पुराने और खराब हो रहे बुलेटप्रूफ वाहन को बदलने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के कारण कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। अजय साह के मुताबिक, बाबूलाल मरांडी ने 21 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर अपने बुलेटप्रूफ वाहन की खराब स्थिति से अवगत कराया था। इसके अलावा उनके आप्त सचिव की ओर से गृह सचिव को भी पत्र भेजा गया था। पुलिस महानिदेशक (DGP) और आईजी प्रोविजन को भी कई बार इस समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन इसके बावजूद वाहन बदलने को लेकर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि लगातार शिकायतों के बाद भी जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बाबूलाल मरांडी ने 9 नवंबर को अपना 13 वर्ष पुराना बुलेटप्रूफ वाहन राज्य सरकार को वापस कर दिया। इसके बावजूद सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं किए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
मुख्यमंत्री के काफिले और विपक्ष के नेता की सुरक्षा पर उठाए सवाल
अजय साह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के काफिले में 26-27 वाहनों के शामिल होने का दावा करते हुए कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री के लिए पर्याप्त वाहन उपलब्ध हैं, वहीं दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष की सुरक्षा के लिए पुराना और बार-बार खराब होने वाला बुलेटप्रूफ वाहन इस्तेमाल किया जा रहा था।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाबूलाल मरांडी की सुरक्षा में तैनात जवानों की जिप्सियां भी काफी पुरानी और जर्जर स्थिति में हैं। उनके अनुसार, कुछ वाहन चार लाख किलोमीटर से अधिक चल चुके हैं। ऐसे वाहनों के जरिए सुरक्षा दस्ते की आवाजाही को लेकर भी सवाल उठते हैं।
अर्जुन मुंडा की सुरक्षा व्यवस्था का भी मामला उठाया
भाजपा प्रवक्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि अर्जुन मुंडा के कार्यालय की ओर से सुरक्षा वाहनों की स्थिति को लेकर छह बार पत्राचार किया गया था। गृह विभाग ने कार्रवाई के निर्देश भी दिए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। अजय साह के अनुसार, 6 नवंबर को अर्जुन मुंडा के काफिले का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उन्होंने इसे पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा में इस्तेमाल हो रहे वाहनों की स्थिति से जोड़ते हुए सरकार से जवाब मांगा।
जमीन और खनन माफियाओं की सुरक्षा को लेकर भी निशाना
अजय साह ने राज्य सरकार पर राजनीतिक भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका आरोप है कि जमीन के अवैध कारोबार और अवैध खनन से जुड़े लोगों को संरक्षण देने की चिंता की जाती है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी की सुरक्षा का आकलन स्वयं सरकारी और प्रशासनिक स्तर पर किया गया है। ऐसे में उनकी सुरक्षा में तैनात जवानों को जर्जर वाहनों के भरोसे छोड़ना गंभीर चिंता का विषय है।
सरकार से तत्काल सुरक्षित वाहन उपलब्ध कराने की मांग
भाजपा प्रवक्ता ने राज्य सरकार से मांग की कि बाबूलाल मरांडी और उनके सुरक्षा दस्ते को तत्काल तकनीकी जांच (Technical Inspection) में उपयुक्त पाए गए सुरक्षित वाहन उपलब्ध कराए जाएं। इसके साथ ही सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा वाहनों की स्थिति की समीक्षा की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि अब तक सुरक्षा वाहनों को लेकर मिले पत्रों और शिकायतों पर विभाग की ओर से की गई कार्रवाई का पूरा ब्योरा सार्वजनिक किया जाए। अजय साह ने कहा कि सुरक्षा कोई राजनीतिक एहसान नहीं, बल्कि सरकार की प्रशासनिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सवाल किया कि जब विभाग के पास बुलेटप्रूफ वाहन उपलब्ध हैं तो नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्रियों के लिए नए वाहन उपलब्ध कराने में देरी क्यों हो रही है?
उन्होंने कहा कि भगवान न करे कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही के कारण कोई अनहोनी हो, लेकिन ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकेगी।

बाबूलाल मरांडी का हेमंत सोरेन पर हमला, बोले- दूसरों को संवैधानिक मर्यादा सिखाने से पहले अपनी सरकार का रिकॉर्ड देखिए
महिला आयोग से लेकर लोक सेवा आयोग तक नियुक्तियों में देरी पर उठाए सवाल, पांच संस्थाओं में 23 पद रिक्त होने का…

पेंशन के इंतजार में बुजुर्ग महिला की मौत, आठ महीने से नहीं मिली थी राशि; गढ़वा डीसी ने दिए जांच के आदेश
पति की मौत के बाद वृद्धा पेंशन ही थी जीवन का एकमात्र सहारा, आर्थिक तंगी और बीमारी के बीच तोड़ा दम; डीसी…

विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर, 2050 के झारखंड की तस्वीर बदलने की तैयारी कर रही सरकार: हेमंत सोरेन
26वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने गिनाईं राज्य की उपलब्धियां, व्यवस्था में बड़े बदलाव की जरूरत बताई; उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति की…


















