IITF-2026 में झारखंड की मोती खेती ने खींचा देशभर के लोगों का ध्यान, हजारीबाग बनेगा पर्ल फार्मिंग का बड़ा केंद्र
एक सीप में सात से आठ मोती तैयार करने की आधुनिक तकनीक का हो रहा इस्तेमाल, महिलाओं और युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर
रांची : नई दिल्ली में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (India International Trade Fair-IITF) 2026 में झारखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था, मत्स्य पालन और वन संपदा की झलक लोगों को आकर्षित कर रही है। झारखंड पवेलियन में इस बार सबसे ज्यादा चर्चा मोती की खेती (Pearl Farming) की हो रही है। राज्य में आधुनिक तकनीक के जरिए मोती उत्पादन को बढ़ावा देने की पहल अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही है। झारखंड सरकार पारंपरिक मत्स्य पालन के साथ-साथ नई तकनीकों को अपनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। इसी कड़ी में बायोफ्लॉक (Biofloc), केज कल्चर (Cage Culture), मोती पालन (Pearl Farming) और झींगा-मांगुर पालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
हजारीबाग में विकसित हो रहा मोती पालन का विशेष क्लस्टर
झारखंड पवेलियन में मत्स्य विशेषज्ञ बुधन सिंह पूर्ति ने आगंतुकों को राज्य में मोती पालन की संभावनाओं और आधुनिक उत्पादन तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झारखंड के लगभग सभी जिलों में मोती पालन का विस्तार हो रहा है। हजारीबाग को भारत सरकार की ओर से मोती पालन के विशेष क्लस्टर के रूप में विकसित किया गया है, जहां बड़े पैमाने पर इस क्षेत्र में काम हो रहा है।आने वाले समय में हजारीबाग में अत्याधुनिक ब्रीड बैंक (Breed Bank) स्थापित करने की भी योजना है। इससे मोती पालन के लिए जरूरी संसाधनों की उपलब्धता और उत्पादन क्षमता को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
एक सीप में सात से आठ मोती तैयार करने की तकनीक
मोती की खेती में सबसे खास बात इसकी आधुनिक मेंटल ग्राफ्ट टिश्यू तकनीक (Mantle Graft Tissue Technology) है। विशेषज्ञ के मुताबिक, इस तकनीक के जरिए एक सीप में एक साथ सात से आठ मोती विकसित किए जा सकते हैं।.इस प्रक्रिया में बाहरी न्यूक्लियस (External Nucleus) का इस्तेमाल नहीं किया जाता। विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस तकनीक से तैयार मोतियों में 97 से 98 प्रतिशत तक शुद्ध कैल्शियम कार्बोनेट (Calcium Carbonate) होता है।
यह तकनीक कम पारंपरिक संसाधनों के साथ मोती उत्पादन की संभावनाओं को बढ़ाने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में मत्स्य पालन से जुड़े लोगों के लिए आय का एक नया विकल्प विकसित हो सकता है।
महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल
राज्य सरकार मत्स्य क्षेत्र को केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इससे जुड़े कारोबार और बाजार तक पहुंच को भी मजबूत करने का प्रयास कर रही है। इसके तहत महिलाओं और युवाओं को मछली बिक्री किट के साथ तीन और चार पहिया वाहनों का वितरण किया जा रहा है, ताकि वे मछली की बिक्री और परिवहन के जरिए स्वरोजगार शुरू कर सकें। इसके अलावा जलाशयों का विकास, बंद पड़ी खदानों में मत्स्य पालन की संभावनाओं का उपयोग और मछुआरों के लिए बीमा सुरक्षा योजनाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
महुआ के लड्डू और लाख की चूड़ियां भी बटोर रहीं तारीफ
झारखंड पवेलियन में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां राज्य की समृद्ध वन संपदा और उससे जुड़ी ग्रामीण आजीविका को विभिन्न उत्पादों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। स्टॉल पर महुआ, साल पत्ता, इमली, लाख, शहद, बांस और केंदू पत्ता जैसे पारंपरिक वन उत्पाद रखे गए हैं। खास तौर पर लाख से तैयार की गई आकर्षक चूड़ियां और कंगन तथा महुआ के लड्डू आगंतुकों को खूब पसंद आ रहे हैं।
इन उत्पादों के माध्यम से झारखंड की पारंपरिक हस्तकला, स्थानीय संसाधनों और वन आधारित अर्थव्यवस्था को राष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई पहचान देने की कोशिश
IITF-2026 में झारखंड की प्रस्तुति केवल राज्य के उत्पादों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं है। इसके जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों को रोजगार, कारोबार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की संभावनाएं भी सामने रखी जा रही हैं।.मोती की खेती, आधुनिक मत्स्य तकनीक और वन उत्पादों का प्रदर्शन यह बताता है कि झारखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में पारंपरिक आजीविका के साथ नए व्यावसायिक अवसरों की भी बड़ी संभावनाएं हैं।

बोकारो में अपराध की दो बड़ी घटनाएं: CISF अधिकारी से चेन छिनतई का खुलासा, दो गिरफ्तार; दूसरी ओर नाती ने नाना का गला रेता
सिटी पार्क में मॉर्निंग वॉक के दौरान CISF के सहायक कमांडेंट पर हुआ था हमला, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा; नावाडीह…

जमशेदपुर में दिल दहला देने वाली घटना: प्रताड़ना से टूटकर तीन बेटियों संग जहर खाने वाली पिंकी और छोटी बेटी की मौत, मायके पक्ष का हंगामा
एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मां-बेटी ने तोड़ा दम, दो अन्य बेटियों की हालत गंभीर; पति और देवरानी गिरफ्तार, देवर फरार…

बाबूलाल मरांडी का हेमंत सोरेन पर हमला, बोले- दूसरों को संवैधानिक मर्यादा सिखाने से पहले अपनी सरकार का रिकॉर्ड देखिए
महिला आयोग से लेकर लोक सेवा आयोग तक नियुक्तियों में देरी पर उठाए सवाल, पांच संस्थाओं में 23 पद रिक्त होने का…




















