कोडरमा के मिटको कॉलोनी में महिला की गला रेतकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

कोडरमा थाना क्षेत्र के मिटको कॉलोनी में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 30 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान नेहा राज, पति शंभू राणा, के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय मृतका का पुत्र स्कूल गया हुआ था। दोपहर करीब 12:30 बजे जब वह स्कूल से घर लौटा और कमरे में प्रवेश किया तो अपनी मां को खून से लथपथ हालत में देखकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बच्चे ने लोगों को बताया कि उसकी मां के गले से खून बह रहा है और वह कुछ बोल नहीं पा रही है।
घटना की सूचना तत्काल मृतका के पति शंभू राणा को दी गई, जो उस समय फैक्ट्री से कॉपी पहुंचाने के लिए बाहर गए हुए थे। सूचना मिलते ही शंभू राणा ने अपने परिजनों और साथियों को घर बुलाया। शंभू के मित्र उमेश पंडित समेत अन्य लोग जब घर पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। महिला का गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था और काफी खून बह चुका था। स्थानीय लोगों की मदद से महिला को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना प्रभारी सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह भी अस्पताल पहुंचे और घटनास्थल की जानकारी ली। एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और मृतका के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
बताया जा रहा है कि मृतका ने इंटरकास्ट लव मैरिज की थी और वह अपने पति के साथ मिलकर कॉपी निर्माण का प्लांट चलाती थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

















