झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पर बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर तीखा हमला: मरीजों को एम्बुलेंस नहीं, टेंपो में भेजने का आरोप
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला है। मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं और सरकार केवल दिखावे में व्यस्त है। उन्होंने एक हालिया घटना का हवाला देते हुए कहा कि सड़क पर घायल एक व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस की बजाय टेंपो का इस्तेमाल किया गया, जो राज्य की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का जीता-जागता प्रमाण है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री अपनी पीठ खुद थपथपाने में मशगूल हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग का बंटाधार हो चुका है। आए दिन खबरें आती हैं कि गरीबों और जरूरतमंदों को सरकारी एम्बुलेंस नहीं मिल पातीं। इससे अधिक शर्मनाक स्थिति और क्या हो सकती है? उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक तरफ सरकार एयर एम्बुलेंस का ढोल पीट रही है, लेकिन जमीनी हकीकत में मरीजों को टेंपो में ठूंसकर अस्पताल भेजा जा रहा है।
मरांडी ने आगे तंज कसते हुए कहा, “झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था इतनी बदहाल हो चुकी है कि खुद मुख्यमंत्री और मंत्री अपने या अपने परिजनों का इलाज सरकारी अस्पतालों में कराने की हिम्मत नहीं जुटा पाते।” उन्होंने इसे जनहित के साथ क्रूर मजाक करार दिया और सरकार से तत्काल स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने की मांग की।


















