भाजपा ने हेमंत सरकार पर बढ़ाया दबाव: नगर निकाय चुनाव की अविलंब घोषणा और दलीय आधार पर ईवीएम से मतदान की मांग

भाजपा ने हेमंत सरकार पर बढ़ाया दबाव: नगर निकाय चुनाव की अविलंब घोषणा और दलीय आधार पर ईवीएम से मतदान की मांग

Share
Link copied

रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड इकाई ने राज्य में लंबित नगर निकाय चुनावों को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर जोरदार हमला बोला है। प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू की अध्यक्षता में रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक में आगामी 48 नगर निकाय चुनावों पर विस्तृत चर्चा हुई।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा राज्य के सभी 48 नगर निकायों में अपने कार्यकर्ताओं की जीत सुनिश्चित करेगी। उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों जैसा परिणाम झारखंड में दोहराने का दावा किया।

आदित्य साहू ने राज्य सरकार से तत्काल नगर निकाय चुनाव की तिथि घोषित करने की मांग की। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव दलीय आधार पर कराए जाएं और ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) के माध्यम से मतदान सुनिश्चित किया जाए, ताकि धांधली और भ्रष्टाचार से मुक्ति मिल सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार अपनी संभावित पराजय के डर से दलीय आधार पर चुनाव नहीं कराना चाहती। दलीय आधार पर चुनाव से राजनीतिक कार्यकर्ताओं की जमीनी स्तर तक भागीदारी बढ़ती है और वे जनता की बेहतर सेवा कर पाते हैं। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार प्रशासन को “टूल किट” बनाकर मतदान और मतगणना को प्रभावित करने की कोशिश कर सकती है।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और चंपई सोरेन, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, मनोज कुमार सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, विधायक राज सिन्हा, शशिभूषण मेहता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, पूर्व विधायक अनंत ओझा, बिरंची नारायण, रणधीर सिंह, प्रदेश मंत्री गणेश मिश्र, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, अभय सिंह, रणंजय कुमार कुंटु, सत्यनारायण सिंह, अशोक शर्मा, राजधानी यादव, टुन्नु गोप सहित अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow