झारखंड में अपहृत बच्चों की बरामदगी: भाजपा के दबाव और आंदोलन का परिणाम – आदित्य साहू
रांची : झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने राज्य में हाल के दिनों में अपहृत बच्चों की बरामदगी को भाजपा के प्रचंड दबाव और निरंतर आंदोलन का सफल परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि अंश और अंशिका के बाद कल राज्य के विभिन्न स्थानों से 12 अपहृत बच्चों की बरामदगी हुई, जबकि आज सिलदिरी (शंकरघाट) के कन्हैया कुमार.को सुरक्षित बरामद किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आदित्य साहू ने कहा, “भाजपा के आंदोलन का नतीजा है कि कई माताओं की गोद सूनी होने से बची है। अभी भी सैकड़ों बच्चों को खोज निकालना बाकी है।” उन्होंने राज्य पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस का धर्म जनता का सहारा बनना और गरीबों-असहायों की मदद करना है, लेकिन महीनों से सक्रिय बच्चा अपहरण गिरोहों की वजह से सैकड़ों बच्चों का अपहरण हुआ, जो पुलिस की निष्क्रियता को दर्शाता है।
आदित्य साहू ने बताया कि जितने भी बच्चे गायब हुए, वे सभी गरीब और निर्धन किसान परिवारों से हैं। ऐसे परिवार पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में सक्षम नहीं होते और कुछ दिनों रो-बिलखकर संतोष कर लेते हैं। उन्होंने झारखंड पुलिस से अपील की कि वह राज्य की जनता के मनोभावों और परिस्थितियों के अनुकूल कार्य करे तथा गांव के सीधे-सादे लोगों के साथ अधिक संवेदनशील बने।
अपहृत बच्चों के माता-पिता महीनों से गहरे मानसिक दबाव और पीड़ा में जी रहे हैं। उन्होंने ने मांग की कि बरामद बच्चों के परिजनों को मानवीय संवेदनाओं के साथ चिकित्सा जांच और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, पकड़े गए बच्चा अपहरण गिरोहों से कड़ाई से पूछताछ और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि झारखंड के सभी लापता बच्चे बरामद हो सकें।
आदित्य साहू ने प्रशासन और पुलिस से अपील की कि अभियान जारी रखा जाए। उन्होंने जमशेदपुर के अपहृत व्यवसायी पुत्र कैराव गांधी और तिलैया से अपहृत बच्चे को शीघ्र पता लगाने की मांग की। राज्य सरकार से आग्रह किया कि बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की चिंता करते हुए परिजनों को चिकित्सा और आर्थिक मदद प्रदान की जाए।
अंत में, आदित्य साहू ने भाजपा के उन सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया जिनके अथक प्रयासों और आंदोलन से अपहृत बच्चे बरामद हो रहे हैं।

















