मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण को लेकर की समीक्षा बैठक, पैतृक मैपिंग पर दिया विशेष जोर
रांची : राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शनिवार को सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों, कंप्यूटर ऑपरेटरों और हेल्प डेस्क मैनेजरों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने मतदाताओं की पैतृक मैपिंग के महत्व पर विशेष बल दिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इस क्रम में उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे कदम उठाए जाएं जिससे मतदाताओं को दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता न्यूनतम हो। इसके लिए 2003 की मतदाता सूची से मतदाताओं की पैतृक मैपिंग करना आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मैपिंग कार्य को गति देने के लिए पंचायत और वार्ड स्तर पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएं। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी कार्य भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा–निर्देशों के अनुरूप हों। रवि कुमार ने कहा “वर्तमान मतदाता सूची के सभी मतदाताओं की पैतृक मैपिंग करते हुए उनके भौतिक सत्यापन और बीएलओ ऐप पर मार्किंग सुनिश्चित की जाए, ताकि गहन पुनरीक्षण के लिए त्रुटिरहित डेटा उपलब्ध हो सके।”
बैठक के दौरान निर्वाचन सदन से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के देव दास दत्ता तथा उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर उपस्थित थे। वहीं, सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी, कंप्यूटर ऑपरेटर और हेल्प डेस्क मैनेजर ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।


















