झारखंड पेसा नियमावली को लेकर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने की उच्च स्तरीय बैठक, दिए अहम निर्देश
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में पेसा (पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों में विस्तार) अधिनियम) नियमावली को लेकर वरीय अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक में उन्होंने राज्य के अनुसूचित क्षेत्रों में पारंपरिक और स्थानीय स्वशासन व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए पेसा नियमावली के विभिन्न उपबंधों पर विस्तृत चर्चा की और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पेसा कानून के तहत किए गए उपबंधों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभाओं को प्रदत्त शक्तियों और अधिकारों के माध्यम से स्थानीय स्वशासन की परंपरा को मजबूती मिले। साथ ही, जनजातीय समुदायों का आर्थिक और सामाजिक उत्थान तथा सशक्तिकरण हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमावली के प्रावधानों को लागू करने में पारदर्शिता और तत्परता बरती जाए।
बैठक में अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, प्रधान सचिव वंदना दादेल,।एमआर मीणा, विधि विभाग के प्रधान सचिव नीरज कुमार श्रीवास्तव, सचिव प्रशांत कुमार, अमिताभ कौशल, कृपानंद झा, के श्रीनिवासन, मनोज कुमार, चंद्रशेखर, अरवा राजकमल, पंचायती राज निदेशक राजेश्वरी बी, निदेशक खान राहुल सिन्हा, महाधिवक्ता राजीव रंजन, पीसीसीएफ अशोक कुमार, वन संरक्षक पीआर नायडू, डीएफओ दिलीप कुमार, विशेष सचिव प्रदीप कुमार हजारी और संयुक्त सचिव रवि शंकर विद्यार्थी उपस्थित थे।

















