रांची में शर्मनाक घटना: बीच सड़क कॉलेज छात्रा से छेड़खानी, लोगों ने आरोपी को पकड़कर पीटा
रांची की सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राजधानी के लालपुर थाना क्षेत्र में एक जवान द्वारा कॉलेज छात्रा के साथ सरेआम छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कॉलेज से लौट रही थी छात्रा
जानकारी के अनुसार छात्रा मोरहाबादी स्थित अपने कॉलेज से घर लौट रही थी। वह करमटोली चौक होते हुए डॉक्टर एसएन यादव वाली गली से गुजर रही थी। इसी दौरान एक जवान अचानक उसके पीछे पहुंचा और उसे पकड़कर गलत हरकत करने लगा। छात्रा के विरोध और शोर मचाने पर आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा।
लोगों ने आरोपी को दबोचा
छात्रा की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और आरोपी जवान को पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
बताया जा रहा है कि छात्रा के साथ हुई छेड़खानी की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में आरोपी जवान की हरकत साफ दिखाई दे रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी जवान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

















