झारखंड: आलमगीर आलम को बेल पर कांग्रेस का जश्न ‘नैतिक पतन’ का प्रमाण-प्रतुल शाहदेव
रांची: झारखंड के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद कांग्रेस खेमे में मने जश्न पर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने इसे झारखंड की राजनीति का काला अध्याय बताते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए भ्रष्टाचार अब शर्म की बात नहीं, बल्कि उत्सव का विषय बन गया है।
बेल उत्सव” पर भाजपा का कड़ा ऐतराज
भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने प्रेस वार्ता में कहा कि ₹3000 करोड़ के बहुचर्चित टेंडर घोटाले के मुख्य अभियुक्त को बेल मिलने पर पटाखे फोड़ना और नाचना राज्य की जनता का अपमान है। उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह से “बेल उत्सव” मनाया गया, उससे स्पष्ट है कि कांग्रेस भ्रष्टाचार को अपनी उपलब्धि मानती है।
“जिस व्यक्ति के सचिव के सहायक के पास से ₹32 करोड़ नकद मिले हों, उस मामले में बेल मिलने पर नाचना लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है। बेल मिलना दोषमुक्त होना नहीं है।” — प्रतुल शाह देव
राज्य की बदहाली और सरकार का ‘3C’ मॉडल
प्रतुल शाह देव ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह गठबंधन सरकार कमीशन, करप्शन और कलेक्शन’ के मॉडल पर चल रही है। उन्होंने वर्तमान स्थिति का विवरण कुछ इस प्रकार दिया:
स्वास्थ्य:
जिला अस्पतालों में डॉक्टर और दवाओं का भारी अभाव है, मरीज रेफरल के भरोसे हैं।
पेयजल:
करोड़ों रुपये बहाने के बाद भी ग्रामीण इलाकों में जलमीनारें महज शोपीस बनी हुई हैं।
बुनियादी ढांचा:
राज्य की सड़कें जर्जर हैं और बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।
युवा और किसान:
रोजगार के अभाव में युवा पलायन कर रहे हैं और किसान अपनी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
राहुल गांधी से पूछे सीधे सवाल
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस नेतृत्व को घेरते हुए पूछा कि क्या राहुल गांधी ₹3000 करोड़ के इस घोटाले को अपनी राजनीतिक सफलता मानते हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या जनता की गाढ़ी कमाई की लूट पर जश्न मनाना ही उनकी संस्कृति है।
प्रेस वार्ता के अंत में प्रतुल शाह देव ने चेतावनी दी कि झारखंड की जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इस भ्रष्ट और संवेदनहीन राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी। इस अवसर पर भाजपा के सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित थे।
जाहिर है की पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली है, जिसके बाद झारखंड में उनके समर्थकों ने जश्न मनाया था।
इसे भी पढ़े : रांची: 18 माह की मासूम अदिति का सुराग नहीं, आक्रोशित परिजनों ने कोकर चौक में प्रदर्शन, पुलिस की जांच पर उठाए सवाल


















