बागबेड़ा वायरलेस मैदान से देसी कट्टा और कारतूस के साथ अपराधी गिरफ्तार

जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के वायरलेस मैदान से पुलिस ने हथियार के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हथियार लेकर इलाके में घूम रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बागबेड़ा आनंद नगर, साईं मंदिर के पास रहने वाले अनुप चक्रवर्ती उर्फ अनुप बंगाली (42) के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के कस्तौड़ मेन रोड थाना क्षेत्र का बताया गया है।

सिटी एसपी ललित मीणा ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि एक अक्टूबर की देर रात वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि अनुप चक्रवर्ती वायरलेस मैदान में हथियार लेकर घूम रहा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया। पुलिस टीम ने वायरलेस मैदान पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लोहे का एक देशी लोडेड कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक, अनुप चक्रवर्ती का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। जमशेदपुर और आसपास के विभिन्न थानों के अलावा रेलवे पुलिस तथा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, चोरी, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट और रेलवे संपत्ति से संबंधित मामले शामिल हैं। वर्ष 2026 में परसुडीह थाना में दर्ज एक मामले में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज है।

इस मामले में बागबेड़ा थाना कांड संख्या 92/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हथियार रखने के उद्देश्य और उसकी अन्य आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। छापामारी दल में डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार, बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक जेवियर होरो समेत बागबेड़ा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

बिरसानगर जोन-6 में देर रात उपद्रव, दो कारों के शीशे तोड़े; आग लगाने की कोशिश
जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन-6 में गुरुवार देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। उपद्रवियों ने सड़क किनारे खड़ी दो…

खरकई नदी किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में मची सनसनी
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह खरकई नदी किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी…
















