सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी पर डीसी गंभीर, वाहन जांच तेज करने का निर्देश

सिमडेगा: जिले में सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी को लेकर उपायुक्त कंचन सिंह ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है। बुधवार को उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं की स्थिति, ब्लैक स्पॉट और सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई।

बैठक में सामने आया कि पिछले वर्ष की तुलना में चालू वर्ष में सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि हुई है। इस पर उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को प्रतिदिन सघन वाहन जांच अभियान चलाने और दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

राष्ट्रीय उच्च पथ पर सुरक्षा कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि एस-मोड़ पर क्रैश बैरियर लगाने के लिए संबंधित एजेंसी से पत्राचार किया गया है। उपायुक्त ने जल्द क्रैश बैरियर लगाने के साथ शहरी क्षेत्र में फ्लैंक का कार्य दशहरा से पहले पूरा कराने का निर्देश दिया। वहीं, सिमडेगा-कुरडेग पथ (MDR-44) के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को गुणवत्ता के साथ पूरा करने तथा कार्तिक पूर्णिमा से पहले कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।

हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स की बैठक में एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने एनएच के सहायक अभियंता को सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हाईवे पेट्रोलिंग एवं रिस्पॉन्स टीम की सूची उपलब्ध कराने को कहा। दुर्घटना या वाहन खराब होने की स्थिति में तत्काल सहायता के लिए टोइंग वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा हाईवे पर निर्धारित पार्किंग स्थलों को चिह्नित करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में हिट एंड रन के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी शशांक शेखर सिंह, एसडीओ सुमन्त तिर्की, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय बखला, डीएसपी रनवीर सिंह, विधायक प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, विधायक प्रतिनिधि मो. समी आलम, नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक कुमार अग्रवाल समेत अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

डिजिटल हेल्थ से बदलेगी झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था, AI और रोबोटिक सर्जरी पर जोर
रांची: झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बुधवार को झारखंड डिजिटल हेल्थ कॉन्क्लेव-2026 का…

लीगल एड का काम सेवा, कमजोर वर्ग तक बेहतर कानूनी सहायता पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी: अभिषेक कुमार
सिमडेगा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के डिप्टी सेक्रेटरी अभिषेक कुमार और अंडर सेक्रेटरी दीपक कुमार साहू बुधवार को सिमडेगा पहुंचे।…
















