दुमका उपचुनाव में बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे नक्सली, पुलिस ने मंसूबे को किया नाकाम

Share
Link copied

वरीय संवाददाता सौरव सिन्हा

दुमका :- दुमका जिले की पुलिस ने एसएसबी के 35वीं बटालियन के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए विधानसभा उपचुनाव के दौरान बड़ी घटना को अंजाम देने वाले नक्सलियों के नापाक मंसूबे को नाकाम कर दिया है. 
मंगलवार की सुबह दुमका पुलिस को जानकारी मिली कि नक्सलियों ने हथियार और गोलाबारूद छिपा रखा है, जिसका उपयोग वे विधानसभा उपचुनाव के दौरान कर सकते हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए दुमका पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा और एसएसबी 35वीं बटालियन के कमांडेंट मनोरंजन कुमार पांडेय के निर्देश पर संयुक्त अभियान चलाया गया, अभियान में मसलिया प्रखंड के सुपायडीह के नजदीक जंगल से टीम को भारी मात्रा में हथियार, गोलाबारूद और विस्फोटक की बरामदगी हुई है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक 0.315 रायफल, उसके 10 जिंदा कारतूस, 50 इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर और 79 नियो जेल जिलेटिन बरामद किया है.
 
बता दें कि तीन नवंबर को दुमका में विधानसभा उपचुनाव को लेकर मतदान होना है. एसपी अंबर लकड़ा ने पत्रकारों को बताया कि चुनाव के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. चुनाव से पूर्व इस सफलता के बाद भी अभियान जारी रहेगा. वहीं, एसएसबी के द्वितीय कमान अधिकारी सतीश कुमार ने कहा कि नक्सलियों का दस्ता यहां कमजोर पड़ चुका है, जो फिर से उभरने की तैयारी कर रहा है. ऐसी कार्रवाई सतत चलती रहेगी….

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow