टाटा स्टील के 10,500 कर्मचारियों के लिए खुशखबरी: वेतन समझौते पर लगी मुहर, मिलेंगे ये बड़े लाभ

नीरज तिवारी/ जमशेदपुर
जमशेदपुर: टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत और खुशी की खबर सामने आई है। कंपनी प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच लंबे समय से लंबित वेतन समझौते (Wage Revision) पर हस्ताक्षर कर दिए गए हैं। यह समझौता कर्मचारियों के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, जिससे लगभग 10,500 कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
क्या है समझौते की अवधि?
यह नया वेतन समझौता 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2031 तक प्रभावी रहेगा। यानी, यह समझौता पूरे 7 वर्षों के लिए किया गया है, जिससे कर्मचारियों को भविष्य के लिए एक आर्थिक सुरक्षा मिली है।
वेतन में भारी बढ़ोतरी
समझौते के तहत कर्मचारियों के वेतन में न्यूनतम ₹16,111 से लेकर अधिकतम ₹30,793 तक की मासिक बढ़ोतरी की गई है।
एनएस सीरीज: इन कर्मचारियों के लिए न्यूनतम गारंटीड बेनिफिट (MGB) 5,500 से बढ़ाकर 9,300 रुपएतक तय किया गया है।
ओल्ड सीरीज: ओल्ड सीरीज के कर्मचारियों के लिए भी बेहतरीन लाभ सुनिश्चित किए गए हैं, जिसमें अधिकतम वेतनमान में बड़ी वृद्धि देखी गई है।
कब से मिलेगा पैसा?
टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी (टुन्नू चौधरी) ने जानकारी दी कि अगस्त महीने में संशोधित वेतन का लाभ कर्मचारियों के बैंक खाते में आने लगेगा। इसके साथ ही, नवंबर महीने में एरियर (बकाया) की राशि का भुगतान किया जाएगा।
समझौते के अन्य प्रमुख आकर्षण
NPS लाभ: पहली बार कर्मचारियों के लिए 1,000 प्रतिमाह का एनपीएस कैश बेनिफिट शामिल किया गया है।
HRA में वृद्धि: 1 जून 2026 से कर्मचारियों को संशोधित मूल वेतन का 10% हाउस रेंट अलाउंस (HRA) मिलेगा।
भत्तों में बढ़ोतरी: नाइट शिफ्ट अलाउंस, शिक्षा भत्ता, यूटिलिटी अलाउंस, मोबाइल-इंटरनेट भत्ता और पर्सनल अलाउंस में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।
प्रदर्शन आधारित पुरस्कार: टीम परफॉर्मेंस रिवार्ड में ₹600 प्रति माह की वृद्धि की गई है, जिसे अतिरिक्त प्रदर्शन मानकों से जोड़ा गया है।
टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी ने इस समझौते को कर्मचारियों के बेहतर भविष्य की दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम बताया है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील की है कि वे इस बढ़ी हुई राशि का उपयोग अपने और अपने परिवार के सुरक्षित भविष्य के लिए करें।
Also Read :
झारखंड: रिम्स निदेशक डॉ राजकुमार ने अनियमिताओं के आरोप के बीच दिया इस्तीफा















