विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ महत्वपूर्ण बैठक, 7 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

रांची : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में हटिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक नवीन जायसवाल, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन, सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाची निबंधक पदाधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और संबंधित अधिकारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने जानकारी दी कि झारखंड में SIR की क्वालीफाइंग डेट 1 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
बैठक के दौरान पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, दावा एवं आपत्ति से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के जरिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार विभिन्न श्रेणी के मतदाताओं, मतदाता मैपिंग तथा अनमैप्ड मतदाताओं को वोटर लिस्ट से जोड़ने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने और योग्य मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
बैठक में सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) की जल्द प्रतिनियुक्ति करने का आग्रह भी किया गया। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए एसआईआर से संबंधित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई और कई महत्वपूर्ण सुझाव भी सामने आए।
झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्यक्रम
क्वालीफाइंग डेट – 01 अक्टूबर 2026
तैयारी, प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग – 20 जून 2026 से 29 जून 2026
बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन – 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026
मतदान केंद्रों का रैशनालाइजेशन – 29 जुलाई 2026 तक
ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन – 05 अगस्त 2026
दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की अवधि – 05 अगस्त 2026 से 04 सितंबर 2026
दावा एवं आपत्तियों का निष्पादन – 05 अगस्त 2026 से 03 अक्टूबर 2026
अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन – 07 अक्टूबर 2026

















