महिला हॉकी विश्व कप में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन, जर्मनी को हराकर 5वें स्थान पर रही टीम

शंभू कुमार सिंह
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 में इतिहास रचते हुए टूर्नामेंट में पांचवां स्थान हासिल किया है। 5वें-6वें स्थान के मुकाबले में भारत ने विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर काबिज जर्मनी को शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-1 से पराजित किया।

महिला हॉकी विश्व कप के 50 वर्षों के इतिहास में भारतीय टीम का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस विश्व कप में भारत ने कुल छह मुकाबले खेले, जिसमें उसे सिर्फ एक मैच में विश्व की नंबर-1 और गत चैंपियन नीदरलैंड्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। टीम ने अन्य पांच मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो मैचों में जीत दर्ज की, जबकि तीन मुकाबले ड्रॉ रहे।

ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम में झारखंड की चार खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनमें सिमडेगा की कप्तान सलीमा टेटे, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग के अलावा खूंटी की निक्की प्रधान शामिल हैं। चारों खिलाड़ियों के प्रदर्शन से झारखंड के हॉकी प्रेमियों में खुशी की लहर है।

हॉकी सिमडेगा और हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों एवं समस्त हॉकी परिवार ने भारतीय महिला हॉकी टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। संगठन ने कहा कि भारतीय टीम का यह प्रदर्शन देश के साथ-साथ झारखंड और विशेष रूप से सिमडेगा के लिए भी गौरव का विषय है।

















