जमशेदपुर: हुरलुंग की पानी की टंकी पानी की सप्लाई नही लेकिन लापरवाही की हद पार , सड़े बांस के भाड़े से खतरे में जनता
जमशेदपुर: हुरलुंग की पानी की टंकी पानी की सप्लाई नही लेकिन लापरवाही की हद पार , सड़े बांस के भाड़े से खतरे में जनता
जमशेदपुर के बिरसानगर, हुरलुंग में नल जल योजना के तहत बनी पानी की टंकी रखरखाव के अभाव में बदहाल हो चुकी है। निर्माण पूरा होने के बावजूद टंकी से पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई है, और निर्माण के दौरान लगाए गए बांस के भाड़े अब तक नहीं हटाए गए। ये बांस सड़ चुके हैं और तेज हवा या आंधी में टूटकर गिरने का खतरा बना हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

यह टंकी जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र में टेल्को को NH-33 से जोड़ने वाली व्यस्त सड़क के किनारे स्थित है। सड़े हुए बांस के भाड़े न केवल पैदल यात्रियों, बल्कि वाहन चालकों के लिए भी खतरा बने हुए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी है। निर्माण पूरा होने के बाद भाड़े को तुरंत हटा देना चाहिए था, लेकिन ऐसा न होने से दुर्घटना का जोखिम बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज हवाओं में बांस टूटकर गिरते हैं, जिससे चोट लगने या वाहनों को नुकसान होने का डर बना रहता है। विभाग की उदासीनता के खिलाफ लोगों में आक्रोश है, और वे जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
जाहिर है स्थानीय प्रशासन और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को तुरंत सड़े बांस के भाड़े को हटाने और टंकी से जलापूर्ति शुरू करने की दिशा में कदम उठाने चाहिए। साथ ही, सड़क पर सुरक्षा के लिए अस्थायी उपाय किए जाने चाहिए, ताकि किसी भी दुर्घटना को रोका जा सके।
यह देखना है कि विभाग कब इस गंभीर मुद्दे पर कार्रवाई करता है। यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो यह लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।


















