सिमडेगा में झामुमो ने मनाई दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि, आंदोलनकारियों का किया सम्मान

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला कमेटी की ओर से मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित पुराने अनुमंडल भवन परिसर में दिशोम गुरु एवं झारखंड आंदोलन के प्रणेता स्वर्गीय शिबू सोरेन की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने शिबू सोरेन के संघर्षपूर्ण जीवन, झारखंड राज्य निर्माण में उनकी भूमिका तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए किए गए आंदोलन को याद किया। साथ ही झारखंड आंदोलन से जुड़े आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। झामुमो जिलाध्यक्ष अनिल कंडुलना ने कहा कि शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन झारखंडवासियों के अधिकार और सम्मान की लड़ाई के लिए समर्पित किया। उनके विचार और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं तथा उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज की सेवा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

जिला सचिव मो. सफीक खान ने कहा कि शिबू सोरेन केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि झारखंड की पहचान और जनआंदोलन के प्रतीक थे। उनके सपनों का झारखंड बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को जनता के बीच रहकर काम करना होगा। कार्यक्रम के अंत में झामुमो नेताओं ने सदर अस्पताल पहुंचकर मरीजों के बीच फल और ब्रेड का वितरण किया। वहीं उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भी स्वर्गीय शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष रितेश बड़ाइक, ऑस्कर डांग, मो. सेराजुद्दीन, केंद्रीय सदस्य नोवास केरकेट्टा, फिरोज अली, सुनील खेस, बिरजो कंडुलना, नुसरत खातून, प्रफुलित डूंगडूंग, रोस प्रतिमा सोरेंग, धारामदास तोपनो, मो. इरशाद, विधायक प्रतिनिधि संतोष सिंह, सम्मी आलम, झारखंड आंदोलनकारी रावेल लकड़ा, जाफर खान, किशोर डांग, मो. शहीद, फूलकुमारी समद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




















