चतरा में अपहृत युवक सकुशल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

चतरा: सदर थाना क्षेत्र से अपहृत युवक तिलक यादव को चतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार के धनगांई थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त प्लसर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, नगवां निवासी सुरेंद्र यादव ने 16 सितंबर को अपने भाई तिलक यादव के 13 सितंबर को अज्ञात लोगों द्वारा अपहरण किए जाने की लिखित शिकायत सदर थाना में दर्ज कराई थी। इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या 390/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चतरा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी शाखा की मदद से कार्रवाई करते हुए तिलक यादव को बिहार के धनगांई थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया।

मामले में पुलिस ने कैलाश दांगी (47), निवासी महुदा, थाना ईटखोरी, जिला चतरा और मनोज कुमार (23), निवासी पतलुका, थाना धनगांई, जिला गया, बिहार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त प्लसर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH13K-8511), एक रेडमी मोबाइल और एक सैमसंग कीपैड मोबाइल जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कैलाश दांगी के खिलाफ ईटखोरी, चौपारण, शेरघाटी और सदर थाना में अपहरण, लूट, हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज हैं। वहीं, आरोपी मनोज कुमार के खिलाफ बिहार के गया में अवैध शराब तस्करी के आरोप में जेल जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है।
















