गोड्डा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, सोलर पंप चोरी कांड का खुलासा; चार आरोपी गिरफ्तार

गोड्डा: गोड्डा पुलिस ने बलबड्डा थाना क्षेत्र में हुए सोलर चालित मोटर पंप चोरी मामले का सफल उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी किए गए दोनों सरकारी सोलर मोटर पंपों को बरामद करने के साथ-साथ घटना में प्रयुक्त वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, 27 मई की रात बलबड्डा थाना क्षेत्र के परसा गांव स्थित बढ़का बांध पोखर से दो सोलर चालित मोटर पंप चोरी हो गए थे। ये पंप समुदाय आधारित क्लाइमेट स्मार्ट अवसंरचना योजना के तहत जेएसएलपीएस (JSLPS) द्वारा किसानों की सिंचाई सुविधा के लिए लगाए गए थे। घटना के बाद बलबड्डा थाना में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने मानवीय आसूचना, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिहार के भागलपुर जिले के बाराहाट थाना अंतर्गत ईशीपुर क्षेत्र के बरियारपुर गांव से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में मनीष मंडल (19), छोटू कुमार मंडल उर्फ राजकुमार मंडल (19), शहनवाज मंसूर (19) और नितीश कुमार (18) शामिल हैं। सभी आरोपी बरियारपुर गांव, थाना ईशीपुर, बाराहाट, जिला भागलपुर (बिहार) के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए दोनों सोलर मोटर पंप बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किया गया एक टेम्पो तथा वीवो, ओप्पो और रियलमी कंपनी के तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वरुण रजक ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
















