अशोकधाम मंदिर में बड़ा हादसा: बिजली का तार गिरने से सात श्रद्धालुओं की मौत, 12 से अधिक घायल

लखीसराय: बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सावन की तीसरी सोमवारी के मौके पर सोमवार को बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच अचानक बिजली का तार गिरने से भगदड़ मच गई। हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत होने की सूचना है, जबकि 12 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को तत्काल लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर अशोकधाम मंदिर में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। श्रद्धालु कतार में खड़े होकर जलाभिषेक का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली का तार गिर गया। तार गिरते ही श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई।

बताया जा रहा है कि भगदड़ में कई श्रद्धालु जमीन पर गिर गए और भीड़ के नीचे दब गए। हादसे में कुछ महिलाओं के भी मारे जाने की सूचना है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मेडिकल टीमों को भी घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस और प्रशासन की देखरेख में राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

वहीं, मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि मंदिर परिसर में भारी भीड़ के बावजूद बिजली व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। फिलहाल प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों और मृतकों एवं घायलों की आधिकारिक संख्या की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
















