चतरा में नक्सलियों का तांडव: दो वाहनों को किया आग के हवाले, क्षेत्र में दहशत

चतरा में नक्सलियों का तांडव: दो वाहनों को किया आग के हवाले, क्षेत्र में दहशत

Share
Link copied

झारखंड के चतरा जिले में लंबे समय बाद भाकपा माओवादियों ने एक बार फिर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए दहशत फैलाई है। बुधवार देर रात लावालौंग थाना क्षेत्र के लेंबोडीह विशनपुर गांव में नक्सलियों ने उत्पात मचाया और संतन गंझू के दो वाहनों एक सवारी गाड़ी और एक ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, दो दर्जन से अधिक हथियारबंद नक्सली संतन गंझू की तलाश में उनके घर पहुंचे थे। संतन के घर पर न मिलने पर नक्सलियों ने उनके घर के बाहर खड़े वाहनों को आग लगा दी। इसके साथ ही, संतन गंझू और एक अन्य ग्रामीण के घर को बाहर से ताला जड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद नक्सली मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके में छापामारी अभियान तेज कर दिया। स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बल पूरे क्षेत्र में नक्सलियों की तलाश में जुटे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, इस घटना को भाकपा माओवादी के टॉप कमांडर मनोहर गंझू के दस्ते ने अंजाम दिया है।

स्थानीय सूत्रों ने बताया कि संतन गंझू पर पुलिस को सहयोग देने का आरोप है। उन्होंने पूर्व में अफीम की खेती नष्ट करने में पुलिस की मदद की थी और इस दौरान ट्रैक्टर उपलब्ध कराया था। इस कार्रवाई के बाद नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत कई लोगों को जेल भेजा गया था। हाल ही में इस मामले में एक युवक जेल से रिहा हुआ था, जिसके बारे में कहा जा रहा है कि उसने नक्सलियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow