ए हुजूर ! हमारा बिल डेढ़ लाख का आ गया , बचाइये बिजली बिल की शिकायतों से भर गया कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की का जनता दरबार
ए हुजूर ! हमारा बिल डेढ़ लाख का आ गया , बचाइये बिजली बिल की शिकायतों से भर गया कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की का जनता दरबार
रांची, 21 अगस्त : झारखंड में स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद बिजली बिलों की अनियमितताओं ने उपभोक्ताओं का जीना मुहाल कर दिया है। गुरुवार को रांची के कांग्रेस भवन में आयोजित कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के जनता दरबार में बिजली बिल से जुड़ी शिकायतें छाई रहीं। हिंदपीढ़ी के मोहम्मद शमीम जलील ने बताया कि उनका बिजली बिल 1.32 लाख रुपये आया, जिससे वे परेशान हैं।
मंत्री ने बिजली बोर्ड के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा, “इसमें तत्काल सुधार लाएं। बिजली बिल की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करें और ऐसी व्यवस्था बनाएं कि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।” जनता दरबार में कुल 74 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें पेंशन, तालाब जीर्णोद्धार, जल संकट, मईयां सम्मान योजना, जाति-आय प्रमाण पत्र और गंभीर बीमारियों से जुड़े मामले शामिल थे।
यूरिया कालाबाजारी पर सख्ती, पलामू में चार दुकानें निलंबित
यूरिया की कालाबाजारी की शिकायतों पर मंत्री ने कहा कि सरकार इस पर पैनी नजर रखे हुए है। पलामू में कालाबाजारी के चलते चार दुकानों का लाइसेंस निलंबित किया गया है। उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि से यूरिया की खपत बढ़ी है, जिससे मांग अधिक होने पर कालाबाजारी की घटनाएं सामने आई हैं। मंत्री ने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वालों का लाइसेंस रद्द किया जाएगा। साथ ही, अतिरिक्त यूरिया आपूर्ति के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री से बातचीत की जाएगी। जल्द ही थोक विक्रेताओं के साथ बैठक भी होगी।
अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र में सभी व्यवस्थाएं जनता को समय पर सुविधाएं देने के लिए हैं। सरकार किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगी।” जनता दरबार के जरिए कई समस्याओं का समाधान हुआ, जबकि वैधानिक मामलों के लिए कानूनी सलाह भी दी गई।
इन फरियादियों ने उठाई अपनी बात
जनता दरबार में लाल झाड़ी देवी, संतोष जायसवाल, जोशना एक्का, नवीन कुमार सिंह, रालहो कुजूर, भोला दास, शबनम परवीन, शिव आशीष कुमार, अजय मंडल, लकी कुमारी, हेमलाल तुरी, ममता तिर्की, ओमप्रकाश गोप, राम भंजन सिंह मुंडा, मुन्ना नायक, पंकज महतो, अनिल दास, प्रिया रंजन सिंह, फिरोज अंसारी, राजेश चौधरी और जय किशोर ठाकुर सहित अन्य ने अपनी समस्याएं रखीं।
मंत्री ने जनता दरबार को एक सकारात्मक पहल बताया, जिससे लोगों की समस्याओं का निष्पादन तेजी से हो रहा है। सरकार का प्रयास है कि आम जनता को सुविधाएं समय पर और सहजता से मिलें।



















