हॉकी इंडिया लीग 2025-26 के सफल आयोजन हेतु रांची में तैयारियां जोरों पर: उपायुक्त ने किया स्टेडियम का निरीक्षण

हॉकी इंडिया लीग 2025-26 के सफल आयोजन हेतु रांची में तैयारियां जोरों पर: उपायुक्त ने किया स्टेडियम का निरीक्षण

Share
Link copied

रांची : हॉकी इंडिया लीग (HIL) 2025-26 के महिला वर्ग का आयोजन 28 दिसंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक रांची के मोरहाबादी स्थित मरंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा। पुरुष वर्ग के कुछ मैच भी जनवरी में इसी स्टेडियम में होंगे। इस प्रतियोगिता के सफल एवं सुचारु आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने देर शाम स्टेडियम का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, निदेशक बी.एन. भूषण, सीईओ हॉकी झारखंड रजनीश कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। स्टेडियम की मौजूदा व्यवस्थाओं, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों की सुविधाओं, मीडिया व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात एवं लॉजिस्टिक प्रबंधन की गहन समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि हॉकी इंडिया लीग का आयोजन रांची एवं झारखंड के लिए गौरव की बात है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य निर्देश:
* स्टेडियम परिसर में मजबूत सुरक्षा, पर्याप्त पुलिस बल एवं सीसीटीवी निगरानी।
* यातायात प्रबंधन के लिए ट्रैफिक प्लान, पार्किंग एवं वैकल्पिक मार्ग।
* खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के लिए आवास, परिवहन, भोजन एवं मेडिकल सुविधाएं।
* दर्शकों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, प्रकाश एवं आपात सेवाएं।
* मीडिया सेंटर में इंटरनेट एवं प्रवेश की सुविधा।
* स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं विद्युत व्यवस्था।
* आपात स्थिति के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम, एम्बुलेंस एवं अग्निशमन व्यवस्था।

निरीक्षण में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय एवं जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज उपस्थित थे।

उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने एवं नियमित समीक्षा करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिला प्रशासन HIL 2025-26 के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow