रांची: जेएसएससी में कथित अनियमितताओं और छात्रवृत्ति की मांग को लेकर आजसू छात्र संघ का लोक भवन घेराव, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

रांची में जेएसएससी में कथित अनियमितताओं, लंबित छात्रवृत्ति और अन्य छात्रहित के मुद्दों को लेकर गुरुवार को आजसू छात्र संघ ने लोक भवन घेराव का आह्वान किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र और संगठन के कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
हालांकि, लोक भवन पहुंचने से पहले ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रदर्शन के दौरान छात्र सरकार और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते रहे। इसके साथ ही छात्रों ने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले में संज्ञान लेने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में जिस तरह की कथित अनियमितताएं सामने आई हैं, उनकी सीबीआई से जांच कराई जानी चाहिए। उनका आरोप है कि भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, जिससे अभ्यर्थियों का भरोसा प्रभावित हुआ है।

छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की भी मांग की।
इसके अलावा, छात्रों ने लंबित छात्रवृत्ति मामलों का जल्द निपटारा करने की मांग करते हुए कहा कि छात्रवृत्ति में देरी के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से छात्रहित में त्वरित निर्णय लेने की अपील की।















