रामगढ़ में गांजा तस्करी का खुलासा, 22.2 किलो गांजा बरामद; एक गिरफ्तार

रामगढ़: रामगढ़ पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सुभाष चौक स्थित दुर्गा मंदिर के सामने एक गुमटी में छापेमारी कर कुल 22.200 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा गांजा के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही ऑल्टो और अर्टिगा कार भी जब्त की गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस के अनुसार, सुभाष चौक स्थित गुमटी में अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना पुलिस अधीक्षक को मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ (मुख्यालय) के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने गुमटी की घेराबंदी कर तलाशी ली। इस दौरान पुलिस को देखते ही एक युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे टीम ने मौके पर ही पकड़ लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान रितेश कुमार (20 वर्ष), पिता पुरुषोत्तम कुमार सिंह, निवासी न्यू कॉलोनी बगीचा, रामगढ़ के रूप में हुई है। गुमटी की तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 960 ग्राम गांजा बरामद किया। पूछताछ में आरोपी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके घर पर भी छापेमारी की। यहां अलग-अलग 16 पैकेटों में रखा 21.300 किलो गांजा बरामद हुआ। इस तरह दोनों स्थानों से पुलिस ने कुल 22.200 किलो गांजा जब्त किया।

पुलिस ने गांजा के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही ऑल्टो कार संख्या JH-2V-2425 और अर्टिगा वाहन संख्या JH-24N-2425 को भी जब्त किया है। मामले को लेकर रामगढ़ थाना कांड संख्या 216/2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी NDPS Act की धारा 20(b)(ii), 25 और 29 के तहत दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब बरामद गांजा के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच में जुटी है। साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
















