सिमडेगा में फुटबॉल प्रतियोगिता: भोगता ब्रदर्स और कोरम की टीम ने जीता खिताब
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : ठेठईटांगर स्टेडियम में खरवार भोगता समाज विकास संघ खेल समिति द्वारा आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में बालक वर्ग में भोगता ब्रदर्स (खूंटी) और बालिका वर्ग में कोरम की टीम ने खिताब पर कब्जा जमाया।
बालक वर्ग के फाइनल मैच में भोगता ब्रदर्स ने कोलेबिरा एफसी को 1-0 से हराकर जीत हासिल की। वहीं, बालिका वर्ग में कोरम की टीम ने सडेन डेथ में जोगबहार को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि खरवार भोगता समाज दक्षिण प्रमंडलीय अध्यक्ष मंगल सिंह भोगता ने कहा, “यह आयोजन समाज को संगठित और विकसित करने का एक शानदार उदाहरण है। खेल में हार-जीत स्वाभाविक है, लेकिन इसका असल उद्देश्य सामुदायिक सहभागिता और एकता को बढ़ावा देना है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक है, बल्कि यह कैरियर निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विजेता और उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में जगन्नाथ भोगता, बसंत प्रधान, धीरज प्रधान, झुकती प्रधान, जय श्री प्रधान सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार रखे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।
आयोजन समिति ने अतिथियों का अंग वस्त्र और पारंपरिक नृत्य-गीत के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे, जिन्होंने उत्साहपूर्वक इस आयोजन में भाग लिया।


















