छात्र आंदोलन: देर रात धरना स्थल पहुंचे DC और SSP, अभ्यर्थियों से किया संवाद

रांची: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और विभिन्न मांगों को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी छात्रों के आंदोलन के बीच मंगलवार देर रात रांची के उपायुक्त (DC) मंजूनाथ भजंत्री और SSP राकेश रंजन धरना स्थल पर पहुंचे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने आंदोलनरत अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। इस दौरान अधिकारियों ने छात्रों की समस्याओं और मांगों को सुना तथा उनके साथ संवाद किया।

देर रात प्रशासनिक अधिकारियों के धरना स्थल पर पहुंचने का उद्देश्य स्थिति का जायजा लेने के साथ-साथ आंदोलनरत छात्रों के साथ संवाद बनाए रखना और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत के दौरान उनकी बातों को गंभीरता से सुना। प्रशासन की ओर से लगातार संवाद के जरिए स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।

गौरतलब है कि JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर राजधानी राँची में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। आंदोलनकारी अभ्यर्थी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं और सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

















