नगड़ी में जमीन विवाद में फायरिंग करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, दो पिस्टल और 13 कारतूस बरामद

रांची पुलिस ने नगड़ी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्टल, 13 जिंदा कारतूस और तीन खोखा बरामद किए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मामला नगड़ी थाना कांड संख्या 74/26 से जुड़ा है, जिसमें Arms Act और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार 8 मई 2026 की शाम करीब 7:20 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि कोलांबी गांव में जमीन विवाद को लेकर अनुप कुमार और उसके सहयोगियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय द्वितीय अरविंद कुमार सिंह की अगुवाई में छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तुसमों गांव पहुंचकर संदिग्ध अनुप कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में अनुप कुमार ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि फायरिंग के बाद उसने दो पिस्टल और बचे हुए कारतूस अपने दोस्त रमेश गोप के घर में छिपा दिए थे। इसके बाद पुलिस ने रमेश गोप के घर पर छापेमारी कर रमेश गोप और प्रताप गोप को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो पिस्टल, 13 राउंड जिंदा कारतूस और तीन खोखा बरामद किए। हथियारों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सभी हथियार और गोलियां जब्त कर लीं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुप कुमार, रमेश गोप और प्रताप गोप के रूप में हुई है। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

















