पहलगाम हमले के तीन संदिग्ध आतंकी ढेर, श्रीनगर के लिडवास में सेना का ऑपरेशन महादेव सफल
श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के तीन संदिग्ध आतंकवादियों को भारतीय सेना ने श्रीनगर के लिडवास इलाके में एक एनकाउंटर में मार गिराया है। सेना, पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त अभियान ‘ऑपरेशन महादेव’ के तहत यह कार्रवाई सोमवार को दाचीगाम जंगल के ऊपरी इलाकों में की गई। सूत्रों के मुताबिक, मारे गए आतंकियों का संबंध द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) से है और इनका पहलगाम हमले से सीधा जुड़ाव हो सकता है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई थी और 17 लोग घायल हुए थे। इस हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। हमले के बाद सेना ने आतंकियों के खिलाफ तलाशी अभियान तेज कर दिया था। लिडवास में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर सेना ने माउंट महादेव के पास ऑपरेशन शुरू किया, जिसमें तीन आतंकियों को ढेर कर दिया गया। मौके से भारी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।
सेना ड्रोन की मदद से मारे गए आतंकियों की पहचान करने में जुटी है। हालांकि, अभी तक आतंकियों की आधिकारिक पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन अनुमान है कि ये विदेशी आतंकी हो सकते हैं। कुछ अपुष्ट खबरों में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मूसा के मारे जाने की भी बात कही जा रही है, जो पहलगाम हमले में शामिल था।
इस ऑपरेशन को पहलगाम हमले के जवाब में शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का हिस्सा माना जा रहा है। 7 मई को शुरू हुए इस अभियान के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था।

















