टोटो चालक से संदिग्ध परिस्थितियों में बची 17 वर्षीय बच्ची, महिलाओं ने पांच दिन तक घर में रखा सुरक्षित
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड के ऊलीराजाबासा गांव में स्थानीय महिलाओं की सतर्कता से 17 वर्षीय एक बच्ची को संदिग्ध परिस्थितियों में टोटो चालक के साथ जाने से रोक लिया गया। बच्ची की पहचान जोड़ा-बड़बिल गांव निवासी रानी चम्पीया के रूप में बताई गई है। महिलाओं ने बच्ची को सुरक्षित अपने घर में रखा और उसके परिजनों तक पहुंचाने की पहल की। जानकारी के अनुसार, बच्ची कुछ दिन पहले सदर प्रखंड के लागिया गांव में अपने मामा के यहां पर्व में शामिल होने आई थी। पर्व समाप्त होने के बाद वह अपने गांव लौटने के लिए टोटो से चाईबासा बस स्टैंड जाने निकली थी। आरोप है कि टोटो चालक उसे चाईबासा ले जाने के बजाय अलग-अलग रास्तों पर घुमाता रहा। बताया गया कि रात करीब नौ बजे टोटो खुंटपानी के ऊलीराजाबासा गांव पहुंचा। इस दौरान बच्ची को वाहन के गलत दिशा में जाने का शक हुआ। उसने स्थानीय लोगों से मदद मांगी। बच्ची की परेशानी समझने के बाद गांव की महिलाओं ने हस्तक्षेप किया और टोटो चालक से पूछताछ करते हुए बच्ची को सुरक्षित अपने पास रख लिया। महिलाओं ने बच्ची को अपने घर में सुरक्षित रखा। बताया गया कि बच्ची के पास अपने माता-पिता का मोबाइल नंबर नहीं था। इसके बाद महिला समिति ने खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा से फोन पर संपर्क कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर प्रखंड प्रमुख गांव पहुंचे और बच्ची से पूरी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मुफस्सिल थाना के बड़ा बाबू से संपर्क किया और बच्ची को सुरक्षित थाना तक पहुंचाने तथा उसके परिजनों से संपर्क कराने की पहल की।



नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बच्चियों को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका वाले मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिलाओं की समय पर दिखाई गई सतर्कता से बच्ची को सुरक्षित बचाया जा सका। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि टोटो चालक बच्ची को किस उद्देश्य से दूसरी दिशा में ले जा रहा था।

करोड़ों का पुल बना, लेकिन पहुंच पथ नहीं; 40 हजार ग्रामीण आज भी जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर
गढ़वा। जिले के धुरकी प्रखंड में कनहर नदी के बालचौरा में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार पुल निर्माण पूरा होने के…

मोबाइल शोरूम में लूट की कोशिश, चाकू दिखाकर बम से उड़ाने की धमकी; लोगों ने आरोपी को पकड़ा
जमशेदपुर। उलिडीह थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित आकाश टावर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक कथित…

















