रांची में 22 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर जल्द होंगे शुरू, वार्ड-17 में बनेगा आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र

रांची: रांची नगर निगम क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नगर आयुक्त की अध्यक्षता में गुरुवार को 15वें वित्त आयोग मद से स्वीकृत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि नगर निगम क्षेत्र में कुल 47 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के संचालन की स्वीकृति मिली है, जिनमें फिलहाल 25 केंद्र संचालित हैं। शेष केंद्रों को जल्द शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि 16 केंद्रों का कार्य प्रगति पर है, जबकि छह केंद्रों का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। विभागीय निर्देशानुसार 24 नए भवनों का निर्माण प्रस्तावित है, वहीं 23 केंद्रों को उपलब्ध भवनों के नवीनीकरण के माध्यम से संचालित किया जाएगा।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर सामुदायिक भवन उपलब्ध हैं, वहां ब्रांडिंग और अन्य आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित कर प्राथमिकता के आधार पर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का संचालन शुरू किया जाए। साथ ही जिन वार्डों में भवन या भूमि उपलब्ध नहीं है, उनकी सूची तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर भवन निर्माण के लिए संवेदकों का चयन हो चुका है, वहां पुनः मैपिंग कर यह सुनिश्चित किया जाए कि स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण आवश्यकता के अनुरूप और उपयुक्त स्थानों पर हो, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को लाभ मिल सके।

बैठक में वार्ड संख्या-17 को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। नगर आयुक्त ने नगर निगम की 19.3 डिसमिल भूमि पर संचालित अवैध बूचड़खाने को हटाकर वहां अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं वार्ड कार्यालय के निर्माण के निर्देश दिए। इससे क्षेत्र के लोगों को एक ही परिसर में स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
रांची नगर निगम का कहना है कि शहर के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ और प्रभावी बनेंगी।
















